जम्मू-कश्मीर के कटड़ा में मंगलवार को भारी बारिश के चलते माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। अर्धकुंवारी के पास इंद्रप्रस्थ भोजनालय के समीप भूस्खलन होने से पांच श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कुछ के मलबे में दबे होने की आशंका भी जताई जा रही है। घायलों को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर कटरा ले जाया गया है। हादसे के बाद वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई है।
लगातार भारी बारिश के कारण मंगलवार दोपहर त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के मार्ग पर भूस्खलन हो गया। लैंडस्लाइड के बाद रास्ते में लगे टिनशेड गिर गए। रैलिंग भी क्षतिग्रस्त हुई। पहाड़ से बड़े पत्थर गिरे, जिन्हें हटाने का काम जारी है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर घटना की पुष्टि की और बताया कि राहत-बचाव अभियान तेज़ी से चल रहा है। रियासी पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नज़र बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह भूस्खलन दोपहर करीब 3 बजे हुआ। हादसा मंदिर तक जाने वाले 12 किलोमीटर लंबे घुमावदार ट्रैक के लगभग आधे हिस्से में आया। इसके चलते माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। बताया गया कि हिमकोटी ट्रैक मार्ग पर सुबह से ही यात्रा रोक दी गई थी, लेकिन पुराने मार्ग पर दोपहर तक यात्री चढ़ाई कर रहे थे। दोपहर बाद तेज़ बारिश और भूस्खलन के मद्देनज़र अधिकारियों ने अगले आदेश तक यात्रा पूरी तरह स्थगित कर दी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें