नई दिल्ली। अरब सागर में बने चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ ने भारत के तटीय इलाकों पर असर दिखाना शुरू कर दिया है। इसके कारण महाराष्ट्र के मुंबई समेत कई शहरों में बारिश हुई और 55 किमी./घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं शुरू हो गई हैं। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ के तटों पर भी तेज हवाएं चल रही हैं। जाम नगर और मुंबई में हाई टाइड आ रहे हैं। रत्नागिरी में अचानक उछली समुद्र की लहरें कई लोगों को बहाकर ले गई। मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि 14 जून की शाम को मांडवी-जखाऊ बंदरगाह के पास चक्रवात दस्तक देगा। बिपारजॉय के कच्छ जिले के जखाऊ बंदरगाह के निकट बृहस्पतिवार को टकराने की आशंका है, तब तक यह ‘बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान’ बन जाएगा। इस दौरान 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से हवा चलने की संभावना है।
तूफान के चलते चार दिनों तक तेज हवाएं चलेंगी। जैसे-जैसे तूफान करीब आएगा, हवाओं की रफ्तार बढ़ती जाएगी। इसके चलते पेड़ों के टूटने और बिजली और फोन लाइनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। रेलवे ने भी बिपरजॉय तूफान को देखते हुए करीब 67 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। अगर आप ट्रेन से कहीं सफर करने की योजना बना रहे हैं तो एक बार जानकारी करके ही स्टेशन जाएं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें