बुधवार, 11 नवंबर 2020

धनतेरस पर आएगी बाजार में बहार


मुजफ्फरनगर। दीपावली का पांच दिवसीय पर्व धनतेरस से शुरू होगा। धनतेरस कल यानी गुरुवार को है। ऐसे में इस पर्व पर बिक्री के लिए प्रयागराज का बाजार पूरी तरह सज गया है। इस रोज खरीदारी के लिए ग्राहक भी इंतजार में हैं। बर्तन और आभूषणों की खरीदारी इस दिन खास होती है। इसके लिए दो और चार पहिया वाहनों, फ्लैटों, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक सामानों की बुकिंग पहले से ही लोगों ने करा ली है। अब इसकी डिलीवरी लोग गुरुवार को लेंगे, जिससे बाजार में धन वर्षा होगी। हर सेक्टर में मिलाकर धनतेरस पर करीब एक हजार करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है।
दीपों के पर्व धनतेरस और दीपावली पर खरीदारी के लिए ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनियों ने पहले से ही आफरों की बौछार की हैं। इसी में सहालग भी शुरू है, इसलिए ऑफर का लाभ लेने के लिए लोग इसी मौके पर दो और चार पहिया वाहनों, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एलईडी, फर्नीचर, रजाई, गद्दे, ज्वेलरी,  बर्तन, कपड़े आदि भी खरीद ले रहे हैं। इसकी वजह से कई महीनों से ठंडे चल रहे बाजार में एकाएक बूम आ गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में भी रौनक लौटने के दावे  कारोबारी कर रहे हैं। दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी तेजी आई है।


धनतेरस के ये चमत्कारी उपाय कर देंगे माला माल


धनतेरस का पर्व माता लक्ष्मी, भगवान गणेश, धन के देवता कुबेर, और आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरी को प्रसन्न करने का पर्व है। इस दिन किए जाने वाले उपाय अचूक होते हैं। स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए कुछ चमत्कारी उपाय करने से ना केवल धन के देवता कुबेर माला माल करेंगे, बल्कि आरोग्य के साथ साल भर आपके धन-धान्य के भंडार भरे रहेंगे।


धनतेरस पर पूजा की सामग्री के लिए तांबूल यानी पान का इस्तेमाल करना चाहिए, ऐसा शास्त्रों में बताया गया है। पान के पत्ते में देवीदेवताओं का वास माना जाता है। इसलिए धनतेरस और दीपावली की पूजा में इसका इस्तेमाल शुभ माना गया है। क्योंकि पान के पत्तों से ही किसी भी पूजन का संकल्प किया जाता है।


दीपावली का आरंभ धनतेरस के दिन से माना जाता है और इसी दिन से दीपदान किया जाता है। इस दिन 5 रुपए के दीप खरीद कर लाएं और घर से बाहर दीप मालिका जलाएं। इससे यमदेव प्रसन्न होते हैं, जिससे अकाल मृत्यु का भय दूर होता है।


धनतेरस की पूजा में सुपारी का भी इस्तेमाल किया जाता है। शास्त्रों के अनुसार, सुपारी को ब्रह्मदेव, वरूण देव, यमदेव और इंद्रदेव का प्रतीक माना जाता हैपूजा के बाद सुपारी को तिजोरी या अलमारी में रखना शुभ माना गया है। इससे आपके जीवन में कभी समृद्धि और धन-धान्य की कमी नहीं होती है।


आर्थिक समस्या दूर करने के लिए धनतेरस के दिन पांच रूपए का साबुत धनिया खरीद कर लाएं। साबुत धनिया को महालक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि के चरणों में अर्पित कर दें। इसके बाद भगवान के सामने अपनी मांग रखें और फिर धनिए को अपने बगीचे में बो दें और कुछ को तिजोरी में लाल कपड़े में बांधकर रख दें।


सनातन धर्म में होने वाले सभी शुभ कार्यों में बताशा का प्रयोग किया जाता है। शास्त्रों के अनुसार, बताश माता लक्ष्मी का सबसे प्रिय भोग है। मां की हर पूजा में बताशे का प्रयोग किया जाता है। धनतेरस और दिवाली की पूजा में सच्चे मन से महालक्ष्मी को बताशे का भोग लगाएं। बताशे का संबंध भी चंद्रमा से है, इसलिए धनतेरस पर बताशा माता लक्ष्मी को अर्पित किया जाता है।


धनतेरस के दिन कपूर से माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर के साथ भगवान धनवंतरी की पूजा की जाती है। शास्त्रों के अनुसार, कूपर से मन शांत होता है पूजा स्थल पवित्र हो जाता है। कपूर जलाने से घर की नकारात्मक ऊर्जा बाहर चली जाती है और सकारात्मक ऊर्जा घर में आती है। जिससे माता लक्ष्मी घर में प्रवेश करती हैं। साथ ही स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है।


लक्ष्मी पूजन के लिए खील का प्रयोग करना चाहिए, इसलिए धनतेरस के दिन पांच रूपए के खील खरीद लें। इसके बाद दीपावली के दिन खील से माता लक्ष्मी की पूजा करें और इसे अगले दिन मछलियों को खिला दें या पोटली बनाकर  स्टोर रूम में रख दें। इससे सुख-शांति व समृद्धि बनी रहेगी।


घर के ईशान कोण में गाय के घी का दीपक लगाएं। बत्ती में रुई के स्थान पर लाल रंग के धागे का उपयोग करें साथ ही दिए में थोड़ी सी केसर भी डाल दें। दीये को रखने के स्‍थान पर एक बात का जरूर ध्‍यान रखें कि दीपक को सीधे धरती पर न रखें। पहले चावल की थोड़ी सी ढेरी लगाएं और फिर दीए को उस ढेरी पर रखें।
 
घर के तेल का दीपक प्रज्वलित करें तथा उसमें दो काली गुंजा डाल दें। उसके बाद गंधक आदि सामग्री से पूजन करके घर के मुख्य द्वार पर अन्न की ढेरी पर दीया रख दें। साल भर आर्थिक अनुकूलता बनी रहेगी। स्मरण रहे वह दीप रातभर जलते रहना चाहिए, बुझना नहीं चाहिए। दीपावली के दिन रात भर घी का दिया जले सूर्योदय तक, तो बड़ा शुभ माना जाता है। 


दीपावली के दिन चांदी की कटोरी में अगर कपूर को जलाएं, तो आपको परिवार की तीनों तापों से रक्षा होती है। हर अमावस्या को पीपल के पेड़ के नीचे दिया जलाने से पितृ और देवता प्रसन्न होते हैं, और अच्छी आत्माएं घर में जन्म लेती हैं।
 
नूतन वर्ष के दिन यानी दीपावली के अगले दिन गाय के खुर की मिट्टी से, अथवा तुलसीजी की मिट्टी से तिलक करें, सुख-शान्ति में बरकत होगी। दीपावली की शाम को अशोक वृक्ष के नीचे घी का दिया जलाएं, तो बहुत शुभ माना जाता है।


उल्लू तस्वीर को धनतेरस के दिन तिजोरी या अलमारी में जहां धन रखते हैं वहां चिपका दें। ऐसी मान्यता है कि देवी लक्ष्मी का वाहन उल्लू नकारात्मक उर्जा का नाश करता है। उल्लू की तस्वीर धन स्थान में होने से धन का आगमन बढ़ता है और घर में बरकत आती है।


धनतेरस और दीपावली के दिन रसोई में जो भी भोजन बना हो, सर्वप्रथम उसमें से गाय के लिए कुछ भाग अलग कर दें। ऐसा करने से घर में स्थिर लक्ष्मी का निवास होगा।


धनतेरस के दिन किसी भी मंदिर में केले के दो पौधे लगाएं। इन पौधों की समय-समय पर देखभाल करते रहें। इनके बगल में कोई सुगंधित फूल का पौधा लगाएं। केले का पौधा जैसे-जैसे बड़ा होगा, आपके आर्थिक लाभ की राह प्रशस्त होगी।


धनतेरस पर यदि पूजा के समय किसी ऐसे स्थान की मिट्टी जहां मोर नाचा हो लाकर और पूजा करें। इस मिट्टी को लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने से घर पर हमेशा लक्ष्मी की कृपा बनी रहेगी। 


धनतेरस के दिन लक्ष्मी पूजन के बाद लक्ष्मी या किसी भी देवी को लौंग अर्पित करें। यह काम दीपावली के दिनों में रोज करें। आर्थिक लाभ होता रहेगा।
 
धनतेरस के दिन किसी किन्नर को धन दान करें और उसमें से कुछ रुपए वापस अनुरोध करके प्राप्त कर लें। इन रुपयों को सफेद कपड़े में लपेटकर कैश तिजोरी में रख लें, लाभ होगा।


मंगलवार, 10 नवंबर 2020

यूपी में भाजपा सात में छह सीटें जीती, एक सपा के खाते में


लखनऊ । उत्तर प्रदेश की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी ने 6 पर जीत दर्ज की है, जबकि समाजवादी पार्टी केवल 1 सीट जीत सकी है। प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने इस जीत के लिए प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी अध्‍यक्ष जे.पी. नड्डा का धन्‍यवाद किया। उन्‍होंने प्रेस कांफ्रेंस में इसे पार्टी नेतृत्‍व की बड़ी जीत बताया।प्रदेश की बांगरमऊ, बुलंदशहर, देवरिया, घाटमपुर, मल्‍हानी, नौगावां सादात और टूण्‍डला विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए थे जिसमें मल्‍हानी को छोड़ अन्‍य सभी सीटों पर बीजेपी उम्‍मीदवारों ने जीत दर्ज की है।


बांगरमऊ - श्रीकांत कटियार


बुलंदशहर - उषा सिरोही 


देवरिया - डा. सत्‍यप्रकाशमणि त्रिपाठी 


घाटमपुर - उपेन्‍द्रनाथ पासवान


मल्‍हानी - लकी यादव सपा 


नौगावां सादात - संगीता चौहान


टूण्‍डला - प्रेमपाल सिंह धनगर 


ध्‍यान देने वाली बात है कि कांग्रेस और बसपा को एक भी सीट नहीं मिली। सपा को मिली एकलौती सीट में लकी यादव को स्वतंत्र उम्‍मीदवार धनंजय सिंह से बेहद कड़ी टक्‍कर मिली।


पांचवी बार आईपीएल में मुंबई इंडियंस की फतह

दुबई। रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पांचवीं बार आईपीएल की ट्रॉफी जीत ली। उसने पहली बार फाइनल में पहुंची दिल्ली को खिताबी मुकाबले में पांच विकेट से हराते हुए मुंबई ने यह मुकाम हासिल किया। ट्रेंट बोल्ट की घातक गेंदबाजी के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली।।


कोरोना योद्धाओं का किया गया सम्मान


मुजफ्फरनगर । भ्रष्टाचार निवारक समिति ने आज विश्वकर्मा चौक के निकट स्थित एक रेस्टोरेंट में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन कर कोरोना योद्धाओं का सम्मान किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष व महासचिव के निर्देशानुसार भ्रष्टाचार निवारक समिति रजिस्टर्ड के बैनर तले आज दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कोरोना योद्धा मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बोलते हुए भ्रष्टाचार निवारक समिति के जिला अध्यक्ष मनोज पाटिल ने कहा कि समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार रूपी अहंकारी रावण को फूंकने का समय आ गया है। सभी लोग जागृत हो और अपने आस-पास हो रहे भ्रष्टाचार का खात्मा करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर एकजुट हों। कार्यक्रम का संचालन करते हुए समिति के महासचिव हरीश पालीवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करना ही हमारी प्राथमिकता है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, समाजसेवी मनीष चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता व सरवट ग्राम प्रधानपति पंडित श्रीभगवान शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर व फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मीडिया ही समाज व देश को जागरूक करता है। मीडिया ने लॉकडाउन में हर किसी की समस्या को प्रमुखता से उठाया और सरकार व प्रशासन को भी लोगों की मदद करने के लिए प्रेरित किया। मीडिया द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाजसेवी संस्थाओं ने भी समाधान किया और जरूरतमंदों को राशन व अन्य सहायता भी प्रदान की। मीडिया कर्मियों के सहयोग को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर भ्रष्टाचार निवारक समिति के संगठन मंत्री ऋषभ जैन, पीके त्यागी, अनुराग अग्रवाल, कामेश शर्मा, सजल सेठ आदि का सहयोग रहा। कार्यक्रम में वैश्य जागृति मंच के सुरेंद्र मित्तल, अर्चक पुरोहित संघ के अध्यक्ष पंडित बृज बिहारी अत्री, भारत लोक सेवक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह उर्फ केपी चौधरी, हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक राजेंद्र धनगर, शिवसेना जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेडा, श्री आदर्श रामलीला सभा पटेलनगर नई मंडी के अध्यक्ष अनिल ऐरन, अखिल भारत हिंदू एकता दल के जिला संयोजक पंकज गुप्ता, जिलाध्यक्ष राहुल जैन, महामंत्री सचिन शर्मा, युवा जिलाध्यक्ष आशीष शर्मा, संजीव अग्रवाल, कुणाल चौधरी, मुकेश जैन विनय बिंदल, विकास पाल, ओम प्रकाश मिश्रा, कशिश गोयल, राकेश सैनी, सागर जैन, वंश गुप्ता, शिवम, अमित तिवारी, पंडित आनंद मिश्रा, विक्की चावला, संजय मदान, भोपा रोड व्यापार मंडल से अतुल गर्ग टीटू, शेखर जोशी, संजय सीए, मो. सलीम, गोविंद स्वरूप, बंटी, आदेश गुप्ता, सत्येंद्र एडवोकेट महामंत्री, गोवंश सेवा समिति के जिला अध्यक्ष अरविंद शर्मा, अनमोल यादव, अमित कुमार, अभिषेक तिवारी, गोकुल उपस्थित रहे।


दिवाली मिलन समारोह में जुटे चर्चित चेहरे


मुजफ्फरनगर । हिन्दू संघर्ष समिति द्वारा दिवाली मिलन कार्यक्रम का आयोजन समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार उर्फ़ साधू की उपस्थिति में भोपा रोड स्थित विश्वकर्मा उत्सव मंडप में आयोजित किया गया ! कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रूप में कपिल देव अग्रवाल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे। कार्यक्रम में अति विशिष्ठ अतिथि के रूप में जिले के कद्दावर नेता एवं विधायक उमेश मालिक उपस्थित रहे ! विशिष्ठ अतिथियों में हिन्दू संघर्ष समिति के संरक्षक सुभाष चौहान (जिला अध्यक्ष मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड डरगिस्ट एसोसिएशन) तथा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की पर्यावरण गतिविधि के जिला संयोजक श्री अमित गुप्ता उपस्थित रहे ! कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रमुख समाजसेवी प. श्रीभगवान शर्मा तथा कार्यक्रम का संचालन अरुण प्रताप सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने एक एक दीप प्रज्जवलित करके देश तथा हिन्दू धर्म के उत्थान की भगवान् से प्रार्थना की। 


कार्यक्रम में विभिन्न हिन्दू संगठनों जिनमे सुशील राणा (अखिल भारतीय हिन्दू शक्ति दल), श्री देशराज चौहान एवं एड. सतेंद्र सिंह (अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद्), एड. अतुल त्यागी (विश्व हिन्दू परिषद्), पियूष राणा (बजरंग दल),अतुल त्यागी (राष्ट्रीय बजरंग दल), अंकुर राणा (हिन्दू जागरण मंच), ,शिवेश दत्त शर्मा (विश्व हिन्दू महासंघ), प. रामानुज दुबे (श्री राम सेना) ,बागेश अग्रवाल (स्वदेशी जागरण मंच), प. ब्रज बिहारी अत्री (अर्चक पुरोहित महासंघ) ,संजय वाल्मीकि (राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी) , अनुज चौधरी (गोकुल गौ वंश सेवा समिति) , बिजेंद्र धीमान (विश्वकर्मा एकता समिति), विक्की चावला ( एंटी करप्शन), अतुल शर्मा (भ्रष्टाचार निवारण समिति),राजीव धीमान (शाकुम्भरी सेवा समिति) , पवन मित्तल (शहीद भगत सिंह एकता मंच) , चमन लाल कुक्की (शहीद भगत सिंह क्रांतिकारी मंच), संजय मिश्रा (नवीन मंडी व्यापार संघ), उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति, अरुण प्रताप सिंह (तेजस सामाजिक विकास, शिक्षा एवं वेलफेयर सोसाइटी), टीटू गुज्जर (हिन्दू जनकल्याण ट्रस्ट) संजय वाल्मीकि (राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी) अरुण चौधरी( भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन) विकास खटीक( राष्ट्रीय खटीक समाज) इत्यादि विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


हरदिल अजीज शख्सियत थे पंडित विष्णु शर्मा


मुजफ्फरनगर । ज्योतिषाचार्य पंडित विष्णु शर्मा वो हरदिल अजीज शख्सियत थे जिन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा कला और ज्योतिष के तमाम क्षेत्रों में मनवाया। उनका निधन जिले के लिए अपूर्णीय क्षति है। 


01 जुलाई 1939 को कनियान गांव (शामली) में जन्मे पंडित विष्णु शर्मा ने मुज़फ़्फ़रनगर डीएवी कॉलेज में शिक्षा ग्रहण की। गांधी आश्रम से विष्णु लोक तक के अपने सफर में उन्होंने लोकप्रियता की ऊंचाईयां छुईं। 


विद्यार्थी जीवन से धार्मिक और सामाजिक कार्यों में रूचि रही। शुरुआती दिनों में गांधी आश्रम में भी सेवाएँ दीं। शहर की रामलीलाओं में कई साल तक राम और दशरथ के पात्र बने। वेदपाठी भवन में आचार्य सीताराम चतुर्वेदी के सानिध्य में ज्योतिष शास्त्र का अध्ययन किया। उन्हें सामुद्रिक शास्त्र और अंक विज्ञान में विशेष महारथ हासिल थी। कई बार ज्योतिष सम्मेलनों में स्वर्ण पदक से सम्मानित किए गए। 


दिल्ली में आयोजित विश्व धर्म संसद में ज्योतिष विज्ञान शिरोमणि की उपाधि से अलंकृत किया गया।आचार्य सीता राम चतुर्वेदी से प्रेरित होकर नब्बे के दशक में शासकीय और सांस्कृतिक सेवाओं को अलविदा कह दिया और पूरी तरह धरम-करम के कार्यों में रच बस गए।अपराध की राजधानी कहे जाने वाले मुज़फ़्फ़रनगर में ज्योतिष और धर्म की अनूठी पौध रोपी। इसके तहत मीनाक्षी चौक पर विष्णु लोक की स्थापना की। यह संस्थान पश्चिमी उत्तर में ज्योतिष मंथन और धार्मिक सामग्री मिलने का अनूठा केंद्र माना जाता है।यहाँ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुरली मनोहर जोशी, पंडित शिव कुमार, कलराज मिश्र और योगेन्द्र नारायण माथुर सरीखी तमाम हस्तियों का आना जाना लगा रहता है।  


पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सांस्कृतिक गतिविधियों को नए आयाम दिए।सांस्कृतिक रूप से बंजर पश्चिमी इलाक़े में सन 1956 में सबसे पहली ओरकेष्ट्रा कम्पनी की नींव रखी। इसका नाम कला संगम रखा। उसमें प्रसिद्ध गायक डीपी कौशिक, विनय जैन, नेपाल सिंह, आनंद कमल, निर्मल सिंह और इक़बाल सोनी सरीखे नामचीन कलाकार शामिल थे। थोड़े ही समय में इस ग्रुप की ख्याति पूरे उत्तरी भारत में हो गई। बाद में कला संगम के बैनर से सिने गायक सोनू निगम के पिता अगम कुमार भी जुड़ गए। मंच संचालन में विष्णु शर्मा जी का कोई सानी नहीं था। इस बेल्ट में संगीत से जुड़े कलाकारों की लम्बी खेप तैयार की। वे देश विदेश में सुर और ताल बिखरते रहे। 


विकास विभाग में 26 साल तक शासकीय सेवाएँ दीं।1986 में स्वैच्छिक सेवनिवृत्ति ले ली।कुशल कार्यशैली और मिलनसारिता के चलते प्रदेश के ब्यूरोकरेट्स में इनकी खासी पकड़ रही।


ज्योतिष विशेषज्ञ पंडित विष्णु शर्मा का निधन


मुजफ्फरनगर। नगर के प्रमुख ज्योतिष विशेषज्ञ तथा समाजसेवी पंडित विष्णु शर्मा का आज देर शाम निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। गांधीनगर स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 82 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार कल सुबह 10:00 बजे भोपा रोड स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा। मीनाक्षी चौक पर विष्णु रतन केंद्र का पिछले सप्ताह ही स्थानांतरित कर गांधी नगर हरबीर कालोनी में में लाया गया था। उनके निधन की सूचना पर तमाम लोगों ने शोक जताया है।


भाजपा से निकालने से पहले मैं खुद कल इस्तीफा दे दूंगा : कुश पुरी


मुजफ्फरनगर। मेरठ-सहारनपुर स्नातक सीट के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने के बाद प्रमुख व्यापारी नेता कुश पुरी ने कहा कि उनका किसी से विरोध नहीं है लेकिन उन्होंने अपनी इच्छा के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसे वापस लेने का सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी अगर निकालती है तो यह उनका फैसला है। वैसे वे स्वयं की कल अपना त्यागपत्र देने वाले हैं। भाजपा द्वारा घोषित प्रत्याशी के समानांतर नामांकन के लिए कुश पुरी आज मेरठ पहुंचे थे। बाद में टीआर न्यूज से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने नामांकन पत्र काफी सोच समझने के बाद दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें नामांकन वापस ही लेना होता हो तो वे नामांकन ही क्यों करते। कुश पुरी ने कहा कि विधान परिषद कि सीट सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि सरकार के सलाहकार के रूप में ऐसे प्रतिनिधि चुने जाने के लिए होती है जो अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ हों। ऐसे में यह चुनावी राजनीति से अलग हटकर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी से या पार्टी से उनका कोई विरोध नहीं है। व्यक्तिगत रूप से आज भी यह मोदी जी और योगी जी के प्रशंसक हैं। इसके बावजूद उन्होंने तमाम लोगों के सहयोग और समर्थन के बाद नामांकन पत्र दाखिल करने का फैसला किया है। कुश पुरी ने कहा कि अगर उन्हें पर्चा वापस ही लेना होता तो वह नामांकन पत्र दाखिल नहीं करते। यह पूछे जाने पर कि पार्टी द्वारा समानांतर नामांकन पत्र दाखिल करने पर उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जा सकता है कुश पुरी ने कहा कि यह उनका फैसला है वैसे भी कल सुबह खुद ही त्यागपत्र देने की तैयारी कर रहे हैं।


प्रेमिका को घर से बुलाकर कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर । तितावी थाना क्षेत्र के गांव ढिंढावली में महिला मुन्नी देवी का हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला 6 नवम्बर की शाम रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गयी थी। तीन दिन बाद उसका शव ईंख के खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। तितावी थाना प्रभारी कपिल देव ने बताया कि आरोपी सुनील निवासी ढिंढावली के खिलाफ थाने पर रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसके डेढ़ साल से महिला से संबंध थे। महिला दिन में कई बार उसे फोन किया करती थी। उसके बाद महिला की पैसों की मांग काफी बढ गयी थी। महिला ने उस पर जबरदस्ती अपने साथ भगा ले जाने का दबाव भी बनाया था। वह पिछले काफी समय से इस कारण तनाव में चल रहा था। योजना के अनुसार उसने महिला को ईंख के खेत में बुलाया। पहले आरोपी ने महिला के साथ संबंध में बनाए और उसके बाद कपडे की रस्सी से महिला की गला घोटकर हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के सीने में धारदार हथियार से वार भी किया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त से महिला का मोबाइल, कपडे की रस्सी व धारदार हथियार बरामद करते हुए चालान कर दिया है।


कुश पुरी ने एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया


मेरठ । मेरठ-सहारनपुर क्षेत्र स्नातक एमएलसी प्रत्याशी के तौर पर उद्यमी और भाजपा नेता कुश पूरी ने आज नामांकन दाखिल कर दिया। मेरठ मंडलायुक्त के समक्ष नामांकन भरा गया। 


पार्टी द्वारा टिकट से इंकार किए जाने के बाद कुश पुरी ने आज नामांकन दाखिल कर दिया।


कोरोंना ने आज फिर पकडी रफ्तार, मिले 39 पॉजिटिव

Date 10-11-2020


 


आज पॉजिटिव-- 39


-------


आज ठीक/डिस्चार्ज -20


टोटल डिस्चार्ज- 5796


टोटल एक्टिव केस- 292


फर्नीचर की दुकान में पकड़े ढाई लाख रुपये के पटाखे


मुजफ्फरनगर । नई मंडी पुलिस द्वारा गांधीनगर रोड ओम फर्नीचर की दुकान से भारी मात्रा में विस्फोटक व अवैध पटाखे रखने वाले 01 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम व पता अंकित पुत्र रोशनलाल निवासी ग्राम कूकडा थाना नई मंडी बताया गया है। 


उसके कब्जे से कुन्टल 10 किग्रा पटाखे बरामद किए गए जिसकी कीमत लगभग 2.5 लाख रूपये बताई गई है।


शिवचौक पर भाजपा की जीत के जश्न में डूबे मंत्री कपिल देव व भाजपाई


मुजफ्फरनगर। शिव चौक पर पहुंचे राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और चेयरमैन अंजू अग्रवाल के साथ भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिहार व अन्य स्थानों पर एनडीए व बुलंदशहर में प्रत्याशी के जीतने पर भगवान शंकर की की पूजा अर्चना की और जमकर जश्न मनाया। 


जैसे ही बिहार में एनडीए व बुलन्दशहर में भाजपा के जीतने की सूचना आई तो भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शिव चौक पर लगना शुरू हो गया। वहीं बुलंदशहर में बीजेपी प्रत्याशी जीतने पर खुशियां मनाने के लिए व बिहार में एनडीए की जीत की खुशी मनाने के लिए बुलंदशहर चुनाव प्रभारी राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कौशल विकास कपिल देव अग्रवाल पहुंचे और भगवान शंकर पर पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दि कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल को कंधे पर उठाकर फूल माला पहनाकर स्वागत किया और मिठाई खिलाकर मंत्री कपिल देव अग्रवाल सहित कार्यकर्ताओ ने खुशियां मनाई वहीं जमकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों पर नृत्य किया। पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, प्रेमी छाबड़ा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


मुजफ्फरनगर में पटाखों पर रोक का आदेश जारी


मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर समेत 12 जिलों में पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित कर दी गई है। शासन ने आज इस संबंध में  आदेश जारी करते हुए बताया कि मुजफ्फरनगर की वायु गुणवत्ता पूअर श्रेणी में है। ऐसे में एनजीटी के आदेश पर यहां पटाखों पर प्रतिबंध जारी रहेगा। प्रमुख सचिव राजेंद्र तिवारी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।


उत्तर प्रदेश सरकार ने एनजीटी न्यायालय के निर्देशों के अनुसार प्रदेश के 13 शहरों में पटाखों की बिक्री और उसे जलाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। जिन शहरों में  प्रदूषण का स्तर खराब (एक्यूआई 200-300), बहुत खराब (एक्यूआई 300-400) और गंभीर (400 से ऊपर) है वहां पर यह प्रतिबंध लागू रहेंगे।
इसमें मुज़फ्फरनगर का प्रदूषण का स्तर खराब, आगरा, वाराणसी, मेरठ और हापुड़ का स्तर बहुत खराब जबकि गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बागपत, बुलंदशहर और मुरादाबाद में प्रदूषण स्तर गंभीर स्थिति में है। इसमें मुजफ्फरनगर मेरठ हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बागपत और बुलंदशहर एनसीआर क्षेत्र में आते हैं। जबकि जहां एक्यूआई 200 से नीचे है वहां एनजीटी की गाइड लाइन के अनुसार ग्रीन पटाखे छोड़े जा सकते हैं। इसके अलावा सरकार ने इस बार ग्रीन पटाखों और डिजिटल व लेजर तकनीक से दीपावली की खुशियां मनाए जाने को कहा है।
प्रशासन के इस निर्णय से पटाखा कारोबारियों हड़कंप मचा है। इस निर्णय से उन्हें करोड़ों का नुकसान होगा। अगर सिर्फ लखनऊ की ही बात करें तो जिले में 46 बड़े लाइसेंसी पटाखा कारोबारी हैं जबकि 200 से ऊपर छोटे कारोबारी हैं। 


Featured Post

तहसीलदार जानसठ श्रद्धा गुप्ता की न्यायिक पावर हुई सीज

जानसठ। बोर्ड ऑफ़ रेवेन्यू लखनऊ में हुई शिकायत पर चल रही जांच को लेकर बोर्ड ऑफ रेवेन्यू के आदेशानुसार डीएम ने तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता के खिला...