शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2021

चक्का जाम को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट


मुजफ्फरनगर। कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के छह फरवरी शनिवार को प्रस्तावित चक्का जाम में हालांकि जरूरी सेवाओं को बाधित ना करने की बात कही गई है, लेकिन इस दौरान किसी भी अप्रत्याशित स्थित से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट ह। जिले को चार जोन व 25 सेक्टर में बांटकर पुलिस व्यवस्था की गई है, जिसके लिए तीन कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरआरएफ और अतिरिक्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है।

कृषि कानूनों के विरोध में भाकियू ने आगामी छह फरवरी को जिले में 10 स्थानों पर चक्का जाम करने की घोषणा की हुई है। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में हुए उपद्रव के चलते इस बार पुलिस-प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि चक्का जाम को देखते हुए जिले को चार जोन व 25 सेक्टर में बांटकर पुलिस फोर्स की तैनाती की जाएगी। इसके लिए तीन कंपनी पीएसी और एक कंपनी आरआरएफ को जिले में बुलाया गया है। वहीं, करीब दो हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी पर लगाया जाएगा।


इसके साथ ही सभी एएसपी, सीओ और थाना प्रभारियों को भी क्षेत्र में लगातार गश्त पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि हर हाल में कानून व्यवस्था को कायम रखना पहली प्राथमिकता है। चक्का जाम के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए भी रूट डायवर्जन समेत अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस-प्रशासन जहां एक ओर प्रस्तावित चक्का जाम के चलते कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में लगा है, वहीं इसे टालने के भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत, प्रशासन द्वारा जनपद के प्रमुख किसान नेताओं के साथ ही भाकियू पदाधिकारियों से भी लगातार वार्ता की जा रही है। हालांकि, चक्काजाम वापस लिए जाने के आसार कम ही हैं। 

कृषि कानूनों के विरोध में भाकियू द्वारा हाईवे सहित जनपद के दस प्रमुख मार्गों पर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चक्का जाम किया जाएगा। भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने बताया कि छह फरवरी को जिन मार्गों व स्थानों पर चक्का जाम किया जाएगा, उसके लिए रणनीति बना ली गई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-दून हाईवे पर खतौली ब्लॉक में नावला कोठी, पुरकाजी ब्लॉक में भूराहेड़ी चेकपोस्ट व सदर ब्लॉक में रामपुर तिराहा पर चक्का जाम किया जाएगा। वहीं, बुढ़ाना ब्लॉक में मेरठ-करनाल हाईवे के बायवाला चेकपोस्ट, पानीपत- खटीमा राजमार्ग पर बघरा ब्लॉक के लालूखेड़ी बस स्टैंड, दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर मीरापुर में मोंटी तिराहा और सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे 59 पर रोहाना पुलिस चैकी पर चक्का जाम होगा। इनके अलावा, थानाभवन मार्ग पर चरथावल पुलिस चैकी, मोरना में चैधरी चरणसिंह चैक और शाहपुर में थाने के सामने तिराहे पर जाम लगाया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि एंबुलेंस, स्कूल बस आदि जरुरी वाहनों को नहीं रोक जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

बीए की छात्रा से ट्यूबवेल पर गैंगरेप

मुजफ्फरनगर। तमंचे की नोक पर बीए की छात्रा से गैंगरेप के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।  बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में कॉफी पिलाने ...