रविवार, 29 नवंबर 2020

मणिलाल पाटीदार भगौडा घोषित, 25 हजार का ईनाम


महोबा। पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार पर महोबा के वर्तमान एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पाटीदार पर खनन व्यवसायी इंद्रमणि त्रिपाठी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। मणिलाल पाटीदार बीते ढाई महीने से फरार हैं। उन्हें त्रिपाठी की मौत के बाद निलम्बित कर दिया गया था। मणिलाल के खिलाफ पहले हत्या का मुकदमा कायम किया गया था लेकिन जब एसआईटी की जांच में आत्म हत्या की पुष्टि हो गयी तो उसे आत्म हत्या के लिए उकसाने की धारा 306 में परिवर्तित कर दिया गया। त्रिपाठी ने मौत से पहले पाटीदार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे।

कोरोना गाइडलाइन्स के साथ मनेगी भैरवाष्टमी


 मुजफ्फरनगर । कल्लरपुर कछौली में स्थित श्री महाकाल बटुक भैरव बाबा एवं शनिदेव सिद्धपीठ मंदिर के महंत ठाकुर नकली सिंह ने बैठक करते हुए बताया कि कोविड-19 को देखते हुए इस बार महाकाल भैरव बाबा की शोभा यात्रा नई मंडी श्री बालाजी धाम से नहीं निकाली जाएगी। बाबा की शोभा यात्रा गांव कल्लरपुर कछौली में छह दिसम्बर को विधि विधान के साथ निकाली जाएगी।

उन्होंने बताया सात दिसम्बर को श्री गणेश पूजन, वेदी पूजन, ध्वजारोहण का कार्यक्रम रहेगा। वहीं सुन्दरकांड का पाठ भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोविड-19 की गाइडलाइन का पूरा ध्यान रखा जाएगा। मंदिर में अधिक भीड नहीं होने जी जाएगी। वहीं मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था रहेगी। इस बार श्रद्धालु बाहर से ही श्री महाकाल बटुक भैरव बाबा के दर्शन कर पाएगे। उन्होंने बताया कि आठ दिसम्बर को बाबा जन्मोत्सव बडे धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। श्री महाकाल बटुक भैरव बाबा का पूजन विधि विधान के साथ किया जाएगा। रात्रि 12 बजे बाबा का रूद्राभिषेक और हवन किया जाएगा। इस बार जागरण के कार्यक्रम को स्थगित किया गया है। मंदिर में किर्तन किया जाएगा। जिसमें पूरी रात बाबा और माता रानी का गुनगान होगा। नौ दिसम्बर को पूर्णाहुति और बाबा महाकाल की विशाल आरती होगी। वहीं भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में रामकुमार पुंडीर, ऋषिराज राही, अमित पुंडीर, राजकुमार पुंडीर, सोनू, भूमेश, लोकेन्द्र, मुकेश धीमान, अभिषेक वालिया, प्रेमपाल सिंह, संजू, शिवम, नीरज कुमार, पवन सैनी, मनोज कुमाार, तरूण गोयल, डब्बू चौधरी, तरूण गोयल, सुमित, अंकित, हरपाल सिंह, अमन कुमार, अभय प्रताप, कमल राणा आदि मौजूद रहे।

अमित शाह का फर्जी भांजा ऐसे फंसा पुलिस के चंगुल में


 आगरा। केंद्रीय गृहमंत्री के फर्जी भांजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विधायक के बेटे की सूझबूझ से नकली भांजे का राज खुल गया। इसके बाद कथित भांजे को थाना नाई की मंडी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। 

विधायक जी नमस्कार। अमित शाह का भांजा विराज शाह बोल रहा हूं। आगरा में कुछ होटल बिक रहे हैं। उन्हें देखने आगरा आना चाहता हूं। अपना कोई बंदा साथ लगा देना जो आगरा घुमा दे। तीन दिन पहले इस अंदाज का फोन भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय के पास आया था। विधायक ने बताया कि फोन करने वाले ने खुद को अमित शाह का भांजा बताया। कहा कि आगरा में काम है। उन्होंने उससे कहा कि स्वागत है। आगरा आ जाएं। सुबह उसी युवक ने उन्हें दोबारा फोन किया। कहा कि वह आगरा आ गया है। उन्होंने कहा कि वह एक शादी समारोह में दिल्ली आए हुए हैं। शाम तक आगरा पहुंचेंगे। तभी मुलाकात होगी। करीब एक घंटे बाद युवक का फिर फोन आया। कहा कि वह किसी को अपनी पहचान बताना नहीं चाहता। कोई भरोसे वाला व्यक्ति हो तो उनके साथ लगा दें। उसे जहां जाना है, वह ले जाएगा। उसने आगरा नहीं देखा है। विधायक ने अपने बेटे वात्सल्य उपाध्याय को फोन कर दिया। कहा कि एक अंकल आए हैं। उन्हें कुछ जगह जाना है। गाड़ी में साथ ले जाएं। चाय नाश्ता भी करा देना। बेटे ने ऐसा ही किया। दोपहर को बेटे का फोन आया। बताया कि वह युवक एमजी रोड स्थित बच्चूमल के शोरूम पर आया था। 40 हजार रुपये की खरीदारी कर ली है। बिल के लिए उनकी तरफ देख रहा है। क्या करना है। यह सुनकर विधायक को शक हुआ। उन्होंने छोटे बेटे आलौकिक को फोन किया। विराज शाह के बारे में नेट पर सर्च करने को कहा। आलौकिक ने गूगल पर नाम सर्च किया। युवक के कारनामे खुलकर आ गए। विधायक ने बड़े बेटे को कहा कि बिल मत देना। अंकल को घर लेकर पहुंचो। दुकानदार से बोल दो कि सामान घर भिजवा देंगे। भुगतान वहां कर देंगे।

शाम को विधायक दिल्ली से लौट आए। युवक ड्राइंग रूम में चाय की चुस्कियां ले रहा था। विधायक ने उससे सवाल-जवाब शुरू कर दिए। कहा कि वह तो झूठ बोल रहा है। उज्जैन (मध्य प्रदेश) में भाजपा विधायक के पीए के साथ ठगी हुई थी। वह घटना भी उसने अंजाम दी थी। यह सुनते ही युवक सकपका गया। कहने लगा कि कोई उसका हमशक्ल है। उसे बदनाम कर रहा है। बाद में विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने युवक के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में थाना नाई की मंडी पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर भी दे दी थी।

इस पर विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने एसएसपी बबलू कुमार को फोन किया। युवक के बारे में जानकारी दी। सूचना पर नाई की मंडी पुलिस विधायक के नोर्थ ईदगाह कालोनी स्थित आवास पर पहुंच गई। आरोपित को हिरासत में ले लिया। आरोपित ने पुलिस को अपना नाम विराज शाह पिता का नाम अश्विन भाई शाह पता अहमदाबाद, गुजरात बताया। पुलिस ने बताया कि आरोपित के बारे में छानबीन की जा रही है।

क्या आप जानते हैं वैदिक घड़ी के बारे में


 वैदिक घड़ी ⏱️


आइए आपको वैदिक घड़ी के माध्यम से हिंदुत्व की जड़ों से जोड़ते है।


◆ 12:00 बजने के स्थान पर आदित्या: लिखा हुआ है, जिसका अर्थ यह है कि सूर्य 12 प्रकार के होते हैं :


अंशुमान,अर्यमन, इंद्र, त्वष्टा, धातु, पर्जन्य, पूषा, भग, मित्र, वरुण, विवस्वान और विष्णु।


◆ 1:00 बजने के स्थान पर ब्रह्म लिखा हुआ है, इसका अर्थ यह है कि ब्रह्म एक ही प्रकार का होता है :


एको ब्रह्म द्वितीयो नास्ति।


◆ 2:00 बजने की स्थान पर अश्विनौ लिखा हुआ है जिसका तात्पर्य यह है कि अश्विनी कुमार दो हैं।


◆ 3:00 बजने के स्थान पर त्रिगुणा: लिखा हुआ है, जिसका तात्पर्य यह है कि गुण तीन प्रकार के हैं :


सतोगुण, रजोगुण और तमोगुण।


◆ 4:00 बजने के स्थान पर चतुर्वेदा: लिखा हुआ है, जिसका तात्पर्य यह है कि वेद चार प्रकार के होते हैं :


ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद।


◆ 5:00 बजने के स्थान पर पंचप्राणा: लिखा हुआ है, जिसका तात्पर्य है कि प्राण पांच प्रकार के होते हैं : 


अपान, समान, प्राण, उदान और व्यान।


◆ 6:00 बजने के स्थान पर षड्र्सा: लिखा हुआ है, इसका तात्पर्य है कि रस 6 प्रकार के होते हैं :


मधुर, अमल, लवण, कटु, तिक्त और कसाय।


◆ 7:00 बजे के स्थान पर सप्तर्षय: लिखा हुआ है इसका तात्पर्य है कि सप्त ऋषि 7 हुए हैं :


कश्यप, अत्रि, भारद्वाज, विश्वामित्र, गौतम, जमदग्नि और वशिष्ठ।


◆ 8:00 बजने के स्थान पर अष्ट सिद्धिय: लिखा हुआ है इसका तात्पर्य है कि सिद्धियां आठ प्रकार की होती है :


अणिमा, महिमा, लघिमा, गरिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, इशित्व और वशित्व।


◆ 9:00 बजने के स्थान पर नव द्रव्याणि लिखा हुआ है इसका तात्पर्य है कि 9 प्रकार की निधियां होती हैं :


पद्म, महापद्म, नील, शंख, मुकुंद, नंद, मकर, कच्छप, खर्व।


◆ 10:00 बजने के स्थान पर दशदिशः लिखा हुआ है, इसका तात्पर्य है कि दिशाएं 10 होती है :


पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण, ईशान, नैऋत्य, वायव्य, आग्नेय, आकाश, पाताल।


◆ 11:00 बजने के स्थान पर रुद्रा: लिखा हुआ है, इसका तात्पर्य है कि रुद्र 11 प्रकार के हुए हैं :


कपाली, पिंगल, भीम, विरुपाक्ष, विलोहित, शास्ता, अजपाद, अहिर्बुध्न्य, शम्भु, चण्ड और भव।


सनातन धर्म में प्रत्येक वस्तु कुछ न कुछ अवश्य सिखाती है। जय भारत 🙏

विक्रम सैनी की सदस्य्ता हो रद्द : प्रमोद त्यागी

 


मुजफ्फरनगर l सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने भाजपा विधायक विक्रम सैनी के सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के विरुद्ध आपत्तिजनक बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा एम एल ए मानसिक रूप से विक्षिप्त है इसलिए ही वह कभी ब्राह्मण समाज व कभी दिग्गज राष्ट्रीय नेताओ के विरुद्ध आपत्तिजनक भड़काऊ बयान देकर अपने मानसिक दिवालियेपन का सबूत देते रहते है,प्रमोद त्यागी ने कहा कि जिसको विधायक पद की गरिमा का भी ख्याल न हो ऐसे व्यक्ति की मानसिक स्थिति की जांच होकर विधानसभा की सदस्यता समाप्त की जानी चाहिए।

सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जैसे लोकप्रिय नेता के विरुद्ध दिए गए बयान पर विक्रम सैनी को माफी मांगनी चाहिए वरना सपा कार्यकर्ता व सर्वसमाज के लोग विक्रम सैनी का सामाजिक बहिष्कार करेंगे।



मुजफ्फरनगर में कोरोना से एक और व्यक्ति की मौत

 मुजफ्फरनगर । कोरोना से आज एक और व्यक्ति की मौत हो गई। 

बुढाना के पश्चिमी पछाला निवासी एक व्यक्ति की आज मृत्यु हो गई है। 28 तारीख को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आज निधन हो गया।


शुकतीर्थ में दीपदान के लिए पहुंचे श्रद्धालु

 शुकतीर्थ/मुज़फ्फरनगर।कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व सँध्या पर शुकतीर्थ में देर शाम श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में दीपदान किया।निजी वाहनों से दीपदान करने श्रद्धालु पहुंचे। 

मेले पर रोक के कारण वहां पुलिस का भारी बंदोबस्त रहा।उपजिलाधिकारी जानसठ अजय अम्बष्ट ने व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। क्षेत्राधिकारी भोपा सोमेन्द्र सिंह नेगी थानाध्यक्ष भोपा यादव शुकतीर्थ चौकी प्रभारी अक्षय सिंह खारी मोरना चौकी प्रभारी ओमकार सिंह पुलिस बल के साथ व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। कोरोना कोविड -19 महामारी संक्रमण को लेकर प्रशासन द्वारा मेले के आयोजन को रद्द किया गया है, लेकिन दीपदान की अनुमति है, जिसके चलते शुकतीर्थ में श्रद्धालु मृतकों की आत्मा की शान्ति के लिये दीपदान करने गंगा घाट पर पहुँचे।


लद्दाख में तैनात मुजफ्फरनगर के सैनिक का शव फांसी पर लटका मिला


 शामली। लद्दाख में तैनात सेना के जवान का शव शामली के मोहल्ला विकास नगर में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

सूत्रों के मुताबिक मूल रूप से जिला मुजफ्फरनगर के कस्बा सिसौली निवासी कुलदीप (36 वर्ष) पुत्र मांगेराम करीब तीन साल से शामली में मोहल्ला विकास नगर झिंझाना रोड पर नत्थू शर्मा के मकान में किराए पर पत्नी व दो बच्चों के साथ रह रहा था। पत्नी व बच्चे रिश्तेदारी में गये थे। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह कमरे में छत के पंखे से फौजी का शव लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक जाट रेजिमेंट में लेह लद्दाख में तैनात था। वह 13 नवंबर को ही एक महीने की छुट्टी आया था। पुलिस फौजी द्वारा आत्महत्या करना बता रही है। अभी आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

जिले में कोरोंना पॉजिटिवों की संख्या आज फिर 50 के पार, मिले 52 नए मरीज़

  मुजफ्फरनगर । स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन में 52 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए जबकि 50 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।

खतौली पर आज कोरोना का अधिक असर रहा। आज मिले कोरोना संक्रमित में कल्याणपुरी से एक, ब्रह्मपुरी से एक,सिविल लाइन से 3, नुमाइश कैंप से एक, गौशाला नदी रोड से एक, वकील रोड नई मंडी से एक, गांधी कॉलोनी से 5 पॉजिटिव मिले है । नई मंडी के मीका बिहार से एक, केशव पुरी से एक,मल्लूपुरा से 1, जवाहर कॉलोनी से एक ,नई मंडी से एक, लक्ष्मण विहार से एक, केशव पुरी से एक, नुमाइश कैंप से एक,बचन सिंह कॉलोनी से एक, कंबल वाला बाग से 1, भरतिया कॉलोनी से दो, द्वारकापुरी से एक, रामपुरी से एक, देव पुरम से एक और साकेत से 2 मरीज मिले हैं । इनके अलावा जड़ौदा से एक, अमित विहार से एक,बिलासपुर से दो संक्रमित मिले हैं । बघरा के गढ़ी देशराज से एक,पिन्ना से एक, सोहंजनी तगान से एक, जानसठ के सीएचसी से दो, जटवाड़ा से एक पॉजिटिव मिला है । खतौली में आज 11 पॉजिटिव मिले हैं जिनमें मोहल्ला काजियान से एक, केके जैन कॉलेज से एक, गीतापुरी से चार, जैन नगर से एक, अशोक मार्केट से एक, होली चौक से एक गंगधाडी वसे एक संक्रमित मिला है।



जानिए कार्तिक पूर्णिमा का महत्व

*कार्तिक पूर्णिमा* 

इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर्व 30 नवंबर को मनाया जाएगा और इसी दिन देव दीपावली भी मनाई जाएगी. कार्तिक मास की पूर्णिमा का हिंदू धर्म में खास महत्‍व होता है. शास्त्रों में सभी कार्तिक महीने को आध्यात्मिक एवं शारीरिक ऊर्जा संचय के लिहाज से सर्वश्रेष्ठ माना गया है. हिन्‍दू कैलेंडर वर्ष के आठवें महीने को कार्तिक महीना कहते हैं और इस माह की पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा कहते हैं. 

*कार्तिक पूर्णिमा* 30 नवंबर 2020

*पूर्णिमा आरंभ* 29 नवंबर 2020 को दोपहर 12:47 बजे से

*पूर्णिमा तिथि समाप्‍त* 30 नवंबर 2020 को दोपहर 02: 59 बजे

*कार्तिक पूर्णिमा का महत्व*

 माना जाता है कि भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा को ही त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था, जिससे देवताओं ने प्रसन्‍न होकर दिवाली मनाई थी. उसी को देव दिवाली कहते हैं. त्रिपुरासुर के वध के बाद देवता बहुत प्रसन्‍न हुए और भगवान विष्णु ने शिवजी को त्रिपुरारी नाम दिया. 

महाभारत की कथा के अनुसार, जब युद्ध खत्‍म हुआ तब पांडव बहुत दुखी थे कि युद्ध में उनके कई अपनों की मौत हो गई. उनकी आत्मा की शांति को लेकर भी पांडवों में चिंता थी. पांडवों की चिंता दूर करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने कार्तिक शुक्लपक्ष की अष्टमी से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक पितरों की आत्मा की तृप्ति के लिए तर्पण और दीपदान करने को कहा था. उसके बाद से कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान और पितरों को तर्पण का विधान शुरू हो गया. 

दूसरी ओर, पुराणों में कहा गया है कि कार्तिक पूर्णिमा को ही भगवान विष्‍णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था. इसके अलावा कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु के जागने पर भगवान शालिग्राम स्वरूप का देवी तुलसी से विवाह हुआ था. भगवान विष्णु के बैकुंठधाम आगमन और तुलसी संग विवाह के बाद कार्तिक पूर्णिमा को पुण्य लाभ प्राप्त करने के लिए इस तिथि का खास महत्‍व है. 

कार्तिक पूर्णिमा को ही सिख धर्म के पहले गुरु, गुरु नानकदेव का जन्म हुआ था. सिख धर्म के अनुयायी इस कारण कार्तिक पूर्णिमा को प्रकाशोत्‍सव मनाते हैं। 


राष्ट्रीय सुरक्षा व मानव कल्याण के लिए यज्ञ संपन्न



मुजफ्फरनगर। आर्य समाज  गांधी कालोनी में चल रहे सामवेद यज्ञ में राष्ट्रीय सुरक्षा, मानव कल्याण और समाजोत्थान के लिए आहुतियां दी गई। योगगुरु स्वामी कर्मवीर ने कहा कि योग से शरीर, मन और बुद्धि स्वस्थ रहती है।

गांधी कालोनी स्थित आर्य समाज मंदिर में आयोजित सामवेद यज्ञ में मुख्य अतिथि स्वामी कर्मवीर ने कहा कि योग साधना से ईश्वर प्राप्ति होती है। चित्त की वृत्तियों पर नियंत्रण योग है। ध्यान, प्राणायाम और आसान के साथ व्यवहार, आहार तथा आचरण की शिष्टता से जीवन सुखद बनेगा। यम, अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और ब्रह्मचर्य का पालन करें, जिससे आत्मा और अंतःकरण पवित्र हो।  वैदिक संस्कार चेतना अभियान संयोजक आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि आर्य समाजों में वेद मंत्र गूंजे, नित्य वैदिक यज्ञ हो तथा संत-महात्माओं का सत्संग हो, तभी समाज में सँस्कृति एवं संस्कारो की चेतना जगेगी। ऋषि दयानन्द के सिद्धांतों और कार्यो को ये संस्था आगे बढ़ा रही है। इससे पूर्व हवन में यज्ञमान अजय एवं रचना कंसल, सतीश बालियान रहे। गजेंद्र राणा, इंद्रपाल सिंह ने विद्वानों का सत्कार किया। अधिवक्ता मनीष अग्रवाल, आंनद पाल सिंह आर्य, आर.पी.शर्मा, मंगत सिंह आर्य, योगेश्वर दयाल, राम सिंह धीमान, ब्रजपाल सिंह, राधेश्याम त्यागी, विजय पाल सिंह, राकेश ढिंगरा, संगीता आर्या, कुसुम, ओमवती, अंजू छाबड़ा आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता आचार्य गुरुदत्त आर्य एवं संचालन गजेंद्र राणा ने किया।

---------------------------------

तीस नवंबर तक मेला क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित



हापुड़। गढ़ मेला स्थगित किए जाने के बाद दीपदान पर आधी रात से तीन दिन चलेगा। ऐसे में मेले को लेकर 30 नवंबर तक मेला क्षेत्र को पूर्ण प्रतिबंधित कर दिया है। वहीं दीपदान को लेकर अप्रत्याशित श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना के मद्देनजर दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रूट डायवर्जन करने का प्लान भी तैयार कर लिया है।

अगर भीड़ बढ़ी तो ऐसे निकलेंगे वाहन:

-दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहन : लालकुआं से बुलंदशहर, नरौरा, डिबाई, बबराला, बहजोई, चंदोसी, मुरादाबाद। 

-हापुड़ से मुरादाबाद : हापुड़ से गुलावठी, बुलंदशहर। 

-मेरठ से मुरादाबाद जाने वाले वाहन : मवाना रोड से बैराज मीरापुर बिजनौर, नगीना धामपुर, मुरादाबाद। 

- मुरादाबाद से गाजियाबाद जाने वाले वाहन : काठ, धामपुर, नगीना, कोतवाली देहात से बिजनौर। 

- मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहन : ज्योतिबा फूलेनगर, जोया, अमरोहा, नोगांवा, नूरपुर, हल्दौर, बिजनौर। 

गजरौला से दिल्ली जाने वाले वाहन : गजरौला चौपला, चांदपुर, हल्दौर, बिजनौर, मीरापुर, मेरठ, मोदीनगर से दिल्ली। 

स्याना से मेरठ को जाने वाले वाहन : स्याना से बीबीनगर, गुलावठी, हाफिजपुर, हापुड़, खरखौदा।

कार्तिक पूर्णिमा पूर्णिमा पर जरूर करें ये काम


कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि का प्रारंभ आज 29 नवंबर के दोपहर 12 बजकर 47 मिनट से हो रहा है, जो 30 नवंबर दिन सोमवार को दोपहर 02 बजकर 59 मिनट तक रहेगा। ऐसे में देव दीपावली 29 नवंबर दिन रविवार यानि आज शाम को मनाई जाएगी। आज देव दीपावली की पूजा के लिए शाम का समय श्रेष्ठ है। आज शाम में 5 बजकर 13 मिनट से शाम 07 बजकर 54 मिनट के बीच देव दीपावली की पूजा संपन्न करना उत्तम रहेगा। पूर्णिमा तिथि 30 नवंबर दिन सोमवार की दोपहर 02 बजकर 59 मिनट तक रहेगी। यही स्नान पर्व है। 

देव उठनी एकादशी के दिन देवता जागृत होते हैं और कार्तिक पूर्णिमा के दिन वे यमुना तट पर स्नान कर दीपावली मनाते हैं। इसीलिए इसे देव दीपावली कहते हैं। आओ जानते हैं कार्तिक पूर्णिमा अर्थात देव दिवाली पर किए जाने वाले 10 महत्वपूर्ण कार्य।


1.नदी स्नान : कार्तिक मास में श्री हरि जल में ही निवास करते हैं। पूर्णिमा के दिन स्नान करना अति उत्तम माना गया है। श्रद्धालु लोग जहां यमुना में स्नान करने पहुंचते हैं वहीं गढ़गंगा, हरिद्वार, कुरुक्षेत्र तथा पुष्कर आदि तीर्थों में स्नान करने के लिए भी जाते हैं। कोरोना वाइरस महामारी के चलते नदी में स्नान करना मुमकिन नहीं है तो घर में ही पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें।

 

2. छः तपस्विनी कृतिकाओं का पूजन : इस दिन चन्द्रोदय के समय शिवा, सम्भूति, प्रीति, संतति अनसूया और क्षमा इन छः तपस्विनी कृतिकाओं का पूजन करें क्योंकि ये स्वामी कार्तिक की माता हैं और कार्तिकेय, खड्गी, वरुण हुताशन और सशूक ये सायंकाल में द्वार के ऊपर शोभित करने योग्य है। अतः इनका धूप-दीप, नैवेद्य द्वारा विधिवत पूजन करने से शौर्य, बल, धैर्य आदि गुणों में वृद्धि होती है। साथ ही धन-धान्य में भी वृद्धि होती है।


3. तुलसी पूजा : इस दिन में शालिग्राम के साथ ही तुलसी की पूजा, सेवन और सेवा करने का बहुत ही ज्यादा महत्व है। इस कार्तिक माह में तुलसी पूजा का महत्व कई गुना माना गया है। इस दिन तीर्थ पूजा, गंगा पूजा, विष्णु पूजा, लक्ष्मी पूजा और यज्ञ एवं हवन का भी बहुत ही महत्व है। अतः इसमें किए हुए स्नान, दान, होम, यज्ञ और उपासना आदि का अनंत फल होता है। इस दिन तुलसी के सामने दीपक जरूर जलाएं।


4. दीपदान : मान्यताओं के अनुसार देव दीपावली के दिन सभी देवता गंगा नदी के घाट पर आकर दीप जलाकर अपनी प्रसन्नता को दर्शाते हैं। इसीलिए दीपदान का बहुत ही महत्व है। नदी, तालाब आदि जगहों पर दीपदान करने से सभी तरह के संकट समाप्त होते हैं और जातक कर्ज से भी मुक्ति पा जाता है। 


5. पूर्णिमा का व्रत : इस दिन व्रत का भी बहुत ही महत्व है। इस दिन उपवास करके भगवान का स्मरण, चिंतन करने से अग्निष्टोम यज्ञ के समान फल प्राप्त होता है तथा सूर्यलोक की प्राप्ति होती है। कार्तिकी पूर्णिमा से प्रारम्भ करके प्रत्येक पूर्णिमा को रात्रि में व्रत और जागरण करने से सभी मनोरथ सिद्ध होते हैं। इस दिन कार्तिक पूर्णिमा स्नान के बाद कार्तिक व्रत पूर्ण होते हैं। साथ ही कार्तिक पूर्णिमा से एक वर्ष तक पूर्णिमा व्रत का संकल्प लेकर प्रत्येक पूर्णिमा को स्नान दान आदि पवित्र कर्मों के साथ श्री सत्यनारायण कथा का श्रवण करने का अनुष्ठान भी प्रारंभ होता है।

6. दान का फल : इस दिन दानादिका दस यज्ञों के समान फल होता है। इस दिन में दान का भी बहुत ही ज्यदा महत्व होता है। अपनी क्षमता अनुसार अन्न दान, वस्त्र दान और अन्य जो भी दान कर सकते हो वह करें। 

 

7. ब्रह्मचर्य का पालन : कार्तिक मास व पूर्णिमा के दिन में इंद्रिय संयम में खासकर ब्रह्मचर्य का पालन अति आवश्यक बताया गया है। इसका पालन नहीं करने पर अशुभ फल की प्राप्ति होती है। इंद्रिय संयम में अन्य बातें जैसे कम बोले, किसी की निंदा या विवाद न करें, मन पर संयम रखें, खाने के प्रति आसक्ति ना रखें, ना अधिक सोएं और ना जागें आदि।

8. इन देवों की करें आराधना : इस दिन भगवान विष्णु के रूप मत्स्य अवतार, शिव के त्रिपुरारी स्वरूप, श्रीकृष्ण, देवी लक्ष्मी और माता तुलसी की आराधना की जाती है। इस दिन शिवलिंग पर कच्चा दूध, शहद व गंगाजल मिलकार चढ़ाने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं। कार्तिकी को संध्या के समय त्रिपुरोत्सव करके- 'कीटाः पतंगा मशकाश्च वृक्षे जले स्थले ये विचरन्ति जीवाः, दृष्ट्वा प्रदीपं नहि जन्मभागिनस्ते मुक्तरूपा हि भवति तत्र' से दीपदान करें तो पुनर्जन्म का कष्ट नहीं होता।

9. सत्यनारायण की कथा : इस दिन खासकर देवी लक्ष्मी और विष्णु की संध्याकाल में पूजा की जाती है और सत्यनारायण भगवान की कथा पढ़ने और सुनने से लाभ मिलता है।

10. दीपों से सजाएं घर को : कार्तिक पूर्णिमा को घर के मुख्यद्वार पर आम के पत्तों से बनाया हुआ तोरण अवश्य बांधे और दीपावली की ही तरह चारों और दीपक जलाएं।

जिले में तीस सडक मार्गों का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास

मुजफ्फरनगर । कचहरी प्रांगण स्थित एनआईसी ऑफिस में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से उद्घाटन किया। एनआईसी में उदघाटन में केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान मौजूद रहे ।


जनपद मुजफ्फरनगर में 30 सड़क मार्ग का शिलान्यास आज किया गया है जिसकी लागत 797 करोड रुपए है और जो देहात क्षेत्र में बन रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिला पंचायत अपने क्षेत्र में आय के साधन  निर्मित करें  गांव देहात में पड़ी हुई जिला पंचायत की जगह को हट बनाएं। मार्केट बनाए जिससे जिला पंचायत की आय बढ़े और वह पैसा विकास कार्यों में लगे। उदघाटन में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान जिला पंचायत अध्यक्ष सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



बिना शर्त होगी बात, तब तक बार्डर रहेंगे जाम

नयी दिल्ली।


कृषि कानून के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों ने केन्द्र सरकार के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। किसान नेता हरमीत सिंह कादियां ने कहा कि हमने फैसला लिया कि सभी बॉर्डर और रोड ऐसे ही ब्लॉक रहेंगे। गृह मंत्री ने शर्त रखी थी कि अगर हम मैदान में धरना देते हैं तो वो तुरंत मीटिंग के लिए बुला लेंगे। हमने शर्त खारिज़ कर दी है। अगर वो बिना शर्त के मीटिंग के लिए बुलाएंगे तो ही हम जाएंगे।

भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि अभी हमें दिल्ली जाने की कोई जल्दी नहीं है। 3 तारीख को वार्ता है सरकार से। उसके बाद ही तय होगा आगे क्या करेंगे। रविवार दोपहर यूपी बॉर्डर पर किसानों की भीड़ बढ़ने लगी। इस दौरान किसानों ने दिल्ली-पुलिस की बैरिकेटिंग गिराकर जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के गृहमंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि किसानों के साथ बातचीत के लिए कोई शर्त नहीं होनी चाहिए। केंद्र सरकार को तुरंत आयोजित की जानी चाहिए, वे हमारे देश के किसान हैं। उन्हें अपना विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी जानी चाहिए जहां वे चाहते हैं।

Featured Post

बीए की छात्रा से ट्यूबवेल पर गैंगरेप

मुजफ्फरनगर। तमंचे की नोक पर बीए की छात्रा से गैंगरेप के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।  बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में कॉफी पिलाने ...