शुक्रवार, 20 अक्टूबर 2023

53 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी मुजफ्फरनगर में गिरफ्तार


मुजफ्फरनगर । मेरठ पुलिस ने उत्तर प्रदेश बीज निगम में 53 लाख की धोखाधड़ी कर सात साल से फरार आरोपी लेखाधिकारी को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया। 

सूत्रों के मुताबिक मेरठ के श्रद्धापुरी में उत्तर प्रदेश बीज निगम की शाखा है। लगभग सात साल पूर्व सुनील कुमार निवासी मुजफ्फरनगर बीज निगम में लेखाधिकारी के पद पर कार्यरत था। पुलिस के अनुसार बीज निगम में बीज खरीदने आए किसानों को फर्जी रसीद देकर बीज का सारा पैसा अपने खाते में डाल लेता था।

आरोपी ने सरकारी खाते में पैसे ना डालकर विभाग से लगभग 53 लाख की धोखाधड़ी की थी। मामले की जानकारी होने के बाद तत्कालीन अधिकारियों के होश उड़ गए। इसके बाद अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी ने मुकदमा दर्ज होने के बाद 16 लाख रुपए का भुगतान कर दिया था। इसके बाद आरोपी फरार चल रहा था।

पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत थी। लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लग पा रहा था। हाईवे चौकी प्रभारी मुन्नेश सिंह ने बताया कि कुछ दिन पूर्व आरोपी की लोकेशन सहारनपुर के आसपास मिली थी। जिसके बाद आरोपी के नंबर को सर्विलांस पर डाल दिया गया था। 

बुधवार को पुलिस ने आरोपी को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकड़कर पुलिस थाने ले आई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सात साल से अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बनकर रह रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

दशलक्षण के प्रथम दिवस"उत्तम क्षमा" धर्म की पूजा

मुजफ्फरनगर। गुरुवार से शुरू हुए जैन धर्म के दशलक्षण पर्व के प्रथम दिन नगर के समस्त जैन मंदिरों में जैन श्रावक, श्राविकाओं ने "उत्तम क्ष...