मुजफ्फरनगर। जिले में शुक्रवार को चार मरीज संक्रमित पाए गए। इनमें से एक मरीज खतौली, एक बुढ़ाना और दो शहरी क्षेत्र के हैं। इनमें से किसी की भी हालत गंभीर स्थिति में नहीं है। इन्हें बुखार आया था, जिसके बाद जांच कराई गई थी। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में यह चार लोग संक्रमित पाए गए।
जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि शुक्रवार को कुल 428 संदिग्ध मरीजों की कोरोना जांच कराई गई है। इनमें 214 मरीजों की एंटीजन और 214 मरीजों की आरटीपीसीआर जांच कराई गई है। एंटीजन जांच में सभी मरीज नेगेटिव आए हैं। आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल भेज दिए गए है।
जिला अस्पताल में कोरोना वायरस को लेकर सख्ती बरती जा रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी के गेट पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। इस पर बिना मास्क नो एंट्री लिखा गया है। जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 14 हो गई है। इन मरीजों को घर पर ही आइसोलेट किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने कहा कि लोगों को लगातार मास्क के लिए जागरूक किया जा रहा है। अस्पताल में भी बिना मास्क वाले मरीजों को हिदायत दी जा रही है। ओपीडी के बाहर नोटिस भी चस्पा करा दिया गया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें