एटा। अखिलेश यादव के करीबी जिले से समाजवादी पार्टी नेता और पूर्व पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव को होली के अगले दिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जुगेंद्र पिछले एक साल से गैंगस्टर सहित कई मामलों में फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें एटा कोतवाली में लाया गया है। सूत्रों की मानें तो जुगेंद्र सिंह की गिरफ्तारी आगरा से हुई है। हालांकि अभी तक इस मामले में आधिकारी कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं।
जुगेंद्र सिंह समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं। साल 2017 और 2022 में उन्होंने एटा विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था। इससे पहले उनके बड़े भाई रामेश्वर सिंह को भी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। रामेश्वर सिंह भी सपा से विधायक रहे हैं।
जुगेंद्र सिंह यादव पर 25 हजार रुपये का इनाम स्थानीय पुलिस ने घोषित किया था। 18 अप्रैल को उन पर तथा उनके बड़े भाई पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव पर कोतवाली नगर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। तबसे दोनों फरार चल रहे थे। 30 मई को दोनों पर कुर्की कार्रवाई के लिए न्यायालय ने नोटिस जारी किए थे, जिन्हें उनके प्रतिष्ठानों पर चस्पा किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें