मेरठ । परतापुर थाना क्षेत्र के गांव गून में राममंदिर निर्माण की जनजागरण रैली के दौरान रालोद समर्थकों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। रैली पर पथराव करने का आरोप है, जिसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दो लोग चोटिल हुए हैं। पुलिस फोर्स ने पहुंचकर माहौल काबू किया। घटना के बाद तनाव है।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष विनोद जिंदल के अनुसार, पार्टी कार्यकर्ता मंगलवार दोपहर जनजागरण रैली निकाल रहे थे। जैसे ही यह रैली काजमाबाद गून गांव में पहुंची, कुछ लोगों ने पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। आरोप है कि यह लोग राष्ट्रीय लोकदल से जुड़े हुए थे। पथराव में डीजे, कार, स्कूटी सहित कई वाहनों के शीशे टूट गए।
दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना था कि एक महिला के शव का अंतिम संस्कार होने के कारण जनजागरण यात्रा में शामिल लोगों से डीजे बंद करने का अनुरोध किया गया। इसे लेकर विवाद हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें