बुधवार, 7 जुलाई 2021

गैस पाइप लाइन में साझेदारी कर साठ लाख हडपे


मुजफ्फरनगर । गैस पाइप लाइन बिछाने की साझेदारी कर एक महिला से साठ लाख रुपये ठग लिए गये। 

पुलिस के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के रुड़की रोड निवासी कांट्रेक्टर फर्म की मालिक मालती रानी ने बताया कि उनकी फर्म ने कपिल कुमार निवासी गांव नंगला कूबड़ा थाना झबरेड़ा जनपद हरिद्वार के साथ मिलकर बहादराबाद में 14 किलोमीटर का गैस पाइपलाइन डालने का ठेका लिया था। जिसमें साठ प्रतिशत मालती रानी और चालीस प्रतिशत कपिल की हिस्सेदारी तय की गई थी। इसके चलते पीडिता ने लगभग 60 लाख रुपये आरोपी को दे दिए थे। काम पूरा कराने की जिम्मेदारी कपिल की थी। आरोप है कि आरोपी ने फर्जी कागजात के आधार पर उक्त ठेका अपनी कंपनी के नाम ले लिया। आरोप है कि अब न तो कपिल काम पूरा करा रहा है और न ही उनके रुपये वापस कर रहा है। एसएसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

लापता सीओ साहब महिला सिपाही के साथ होटल के कमरे में मिले


उन्नाव। छुट्टी लेकर घर के लिए चले सीओ के अपने  सर्किल के थाने में तैनात एक महिला सिपाही के साथ मॉल रोड स्थित होटल में मौज मस्ती करते मिलने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। 

बताया गया है कि सीओ साहब छुट्टी लेकर घर जाने को निकले थे। जब वह घर नहीं पहुंचे तो चिंतित पत्नी ने उन्नाव में पुलिस अधिकारियों को सूचना देते हुए सीओ की हत्या किए जाने की आशंका जताई। इसके बाद सर्विलांस पर पुलिस अधिकारी की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस मॉल रोड स्थित होटल पहुंच गयी। सीओ गोरखपुर निवासी हैं और उन्नाव में तैनात हैं। मंगलवार को घर जाने के लिए छुट्टी लेकर वे चले । इसी समय उन्हीं के सर्किल के एक थाने में तैनात सिपाही ने भी छुट्टी ले ली। प्राइवेट वाहन से दोनों शाम 5 बजे मॉल रोड स्थित एक होटल में गए। उस दौरान सीओ और महिला सिपाही ने अपनी आईडी के तौर पर आधार कार्ड दिया। दोनों ने अपने असली नाम भी लिखवाए। उसके बाद रूम नम्बर 201 में चले गए। इधर, देर शाम तक सीओ घर नहीं पहुंचे तो उनकी पत्नी ने उन्हें कई बार फोन किया। मगर उनका सीयूजी और पर्सनल नम्बर बंद आता रहा। रात में सीओ की पत्नी ने उन्नाव में पुलिस अधिकारियों को फोन कर सूचना दी तो उनकी तलाश करते पुलिस होटल पहुंची तो मामला सामने आया। सीओ ने कोई शादी की बात कर पुलिस को रवाना कर दिया।

उन्नाव पुलिस ने सीओ और महिला सिपाही से पूछताछ की। चूंकि दोनों बालिग हैं और उन्होंने होटल बुक कराते समय अपने-अपने पहचान पत्र दिए थे और सीओ अवकाश पर थे, इसलिए पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और पूछताछ व कुशलक्षेम लेकर लौट गई। हालांकि सबूत के  तौर पर उन्नाव पुलिस सीओ से जुड़े वीडियो अपने साथ ले गई है। होटल में इंट्री करते समय सीओ और उनकी महिला मित्र सीसीटीवी कैमरे में दोपहर करीब चार बजे कैद हुए थे। बुधवार की सुबह सात बजे दोनों ने होटल छोड़ दिया।

इसलिए लटक गयी आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों की भर्ती


लखनऊ। प्रदेश में चल रही 53 हजार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सेविकाओं की नियुक्तियों पर ब्रेक लग गया है। अभी लगभग डेढ़ दर्जन जिले ही आवेदन पत्र ले पाए हैं जबकि बाकी जिले अभी आरक्षण की स्थिति साफ न होने के कारण लटके हुए हैं। बताया जाता है कि शासन से भेजे गए पत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का आरक्षण को लेकर प्राविधान नहीं किया गया है। वहीं बाकी आरक्षण की स्थिति भी साफ नहीं की गई है। बाकी जिलों ने शासन को पत्र लिख कर पूछा है कि ज्यादातर जिलों में एसटी वर्ग के लोग उपलब्ध नहीं है लेकिन आदेश में एसटी की जनसंख्या न होने पर एससी से पदों के भरे जाने के बारे में कोई दिशा-निर्देश नहीं दिया गया है। वहीं परियोजना स्तर से पहले से एससी, ओबीसी कोटा अपूर्ण होने की स्थिति में नए केन्द्रों में एससी, ओबीसी का अवशेष कोटा समायोजित करते हुए जिला स्तर पर आरक्षण का कोटा पूरा किया जाएगा या फिर नया कोटा बनाया जाएगा?

बाल विकास पुष्टाहार विभाग ने मार्च में आदेश जारी करते हुए जिलों को अपने स्तर से रिक्तियों की संख्या आरक्षणवार तय करने का आदेश दिया था। भर्ती मई के दूसरे हफ्ते तक पूरी की जानी थी। यह भर्तियां 2011 के बाद हो रही हैं। चूंकि इतना लम्बा समय बीत जाने के बाद आरक्षण तय करने में दिक्कत आ रही हैं, लिहाजा निदेशालय ने सारा मामला जिलों पर डाल दिया। पहले निदेशालय स्तर से रिक्तियों की संख्या व आरक्षण तय करने की कवायद की गई थी लेकिन इसका ब्यौरा नहीं मिला।

शहर के फर्जी अस्पताल पर नहीं हुई कोई कार्रवाई


मुजफ्फरनगर। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह  को एक प्रार्थना पत्र सुमित मलिक द्वारा दिया गया इसमें बताया गया कि जनपद मुजफ्फरनगर में 8.5. 2021 को सीएमओ मुजफ्फरनगर को अपोलो हॉस्पिटल फर्जी डिग्री बनवा कर अस्पताल चला रहा था। इसकी जानकारी उपलब्ध कराकर सुमित मलिक द्वारा शिकायत सीएमओ साहब को की गई थी। सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा अस्पताल पर छापा मारकर धरपकड़ की गई थी। फर्जी डिग्री एमबीबी एस की मिली। डॉक्टर फर्जी निकला। अस्पताल को सीज कर दिया गया 2 महीने बीत चुके हैं सीएमओ साहब ने अभी तक कोई कानूनी कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। 

उन्होंने सुषमा से अनुरोध कि जल्द से जल्द अपोलो हॉस्पिटल पर कानूनी कार्रवाई करके सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम किया जाए। जनपद मुजफ्फरनगर में 331 डॉक्टर  पंजीकृत हैं। जनपद मुजफ्फरनगर में सीएमओ ऑफिस के द्वारा झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती इसके चलते आम आदमी के जीवन के साथ झोलाछाप डॉक्टर खिलवाड़ रहे हैं।  जनपद मुजफ्फरनगर में 10000 से भी अधिक झोलाछाप डॉक्टर फर्जी हॉस्पिटल बनाए रखे हैं जो आम नागरिकों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं उन्हें लूटने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में सबसे ज्यादा झोलाछाप डॉक्टर है तथा शहरी क्षेत्र में फर्जी डॉक्टरों ने फर्जी तरीके से अस्पताल बना रखे हैं जिन पर एमबीबीएस एमडी लिखा हुआ है जिनका लखनऊ में कोई पंजीकरण नहीं है। जनपद मुजफ्फरनगर में आम आदमियों के साथ इस तरह का खिलवाड़ होना अपने आप में बहुत बड़ा अपराध है अपराधियों को सलाखों के पीछे होना चाहिए जिससे आम आदमी के जीवन के साथ खिलवाड़ ना हो सके। सुमित मलिक ने कहा कि जनपद मुजफ्फरनगर में फर्जी झोलाछाप डॉक्टरों का बोलबाला है उनके खिलाफ कोई धरपकड़ अभियान नहीं चला जाता। यदि चला जाता है तो वह औपचारिकता कर दी जाती है। जनपद में पूर्णा कोविड-19 के चलते फर्जी डॉक्टरों ने आम आदमी को लूटने का प्रयास किया फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त अभियान चलना चाहिए जिससे आम आदमी के जीवन को भी बचा जा सके और उनके जान मान हानि को भी नुकसान ना हो सके। 

हाईवे पर अपने ट्रैक्टर और दूसरे वाहन खड़े कर गुरुवार को हार्न बजाएंगे


गाज़ीपुर । किसान कल हार्न बजाओ दिवस मनाएंगे और अपने ट्रैक्टर हाईवे पर सडक किनारे खड़े कर प्रदर्शन करेंगे। 

अपने आंदोलन के दौरान किसान संगठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के थाली बजाने के विचार की तर्ज पर वाहनों का 8 मिनट तक हॉर्न बजाएंगे। देशव्यापी इस आंदोलन के लिए सभी किसानों को 8 जुलाई के दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर आने के साथ अपने वाहन सड़क किनारे लगाने हैं।

धर्मेन्द्र मलिक मीडिया प्रभारी भाकियू ने यह जानकारी दी।

अनुप्रिया के मंत्री बनने पर अपना दल एस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न


 मुज़फ्फरनगर । अपना दल(एस) जनपद मुज़फ्फरनगर की महत्वपूर्ण बैठक सदर कार्यालय पर हुई। जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विनय मित्तल व संचालन संजय गुप्ता ने किया। 

आज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल जी को देश की मोदी सरकार में राज्य मंत्री बनाए जाने पर मिठाई बांटी गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा अनुप्रिया पटेल जी को मंत्रिमंडल में शामिल किये जाने पर कार्यकर्ता फूली नहीं समा रहे है व जबरदस्त उत्साह व जोश में है! महामंत्री ईश्वर पटेल ने कहा कि यूपी में पार्टी के दो जिला पंचायत अध्यक्ष जीतकर  आए हैं  और पार्टी ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी अपना परचम लहरायेगी, युवा जिला अध्यक्ष तरुण सिंह ने अपने साथियों के साथ जोरदार नारेबाजी की। 

प्रदेश सचिव क़ाज़ी तज़कीर मुशीर व सदर विधानसभा अध्यक्ष तरुण शर्मा ने भी अपने महत्वपूर्ण विचार रखे| बैठक में आईटी सेल के जिलाध्यक्ष राजन सिंघल, मोहित गोयल, जसवीर बलवाखेड़ी, महेंद्र सैनी मीरापुर, मनोज कौशिक, राधे यादव, कुलदीप त्यागी, कपिल सिंह, अमित चौधरी, मनीष शाहपुर, विनीत चौधरी रोहित कुमार, नीटू तितावी, अंकुर गुप्ता, नौशाद छपार, नवीन दोस्तों की साबिर अली, राशिद चौधरी, मदन लाल गुप्ता आदि मौजूद रहे|

प्रदेशभर में 27 जिला पूर्ति अधिकारियों के तबादले


 लखनऊ । प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद खाद्य व रसद विभाग ने 27 जिला पूर्ति अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। 

नाम                           कहां थे/कहां गए

राघवेन्द्र कुमार सिंह        मथुरा/ मेरठ

संजीव कुमार                मुरादाबाद/वाराणसी

सुरेन्द्र यादव                 हाथरस/गोण्डा

सत्यवीर सिंह               कासगंज/बस्ती

रामेन्द्र प्रताप सिंह          बदायूं/ गोरखपुर

सीमा त्रिपाठी               बरेली/ इटावा

अजय प्रताप सिंह         जौनपुर/मुरादाबाद

राकेश कु तिवारी          सोनभद्र/ बाराबंकी

संतोष विक्रम शाही        बाराबंकी/जौनपुर

रमन मिश्र                   बस्ती/ बदायूं

दीपक वार्णेय               वाराणसी/श्रावस्ती

विमल कु शुक्ला         कुशीनगर/रायबरेली

मनीष कु सिंह             बिजनौर/सहारनपुर

उबैदुर्रहमान               मैनपुरी/ बांदा

कमल नयन सिंह        रायबरेली/ कासगंज

दिलीप कुमार             प्रयागराज/कुशीनगर

आनंद कु सिंह           गोरखपुर/प्रयागराज

सतीश कुमार मिश्र      सहारनपुर/मथुरा

अनंत प्रसाद सिंह     पीलीभीत/महाराजगंज

गौरी शंकर शुक्ला     महाराजगंज/ सोनभद्र

क्यामुद्दीन अंसारी    श्रावस्ती/मैनपुरी

राजीव तिवारी        बांदा/महोबा

ध्रुवराज यादव        चित्रकूट/ बिजनौर

विकास कुमार        इटावा/पीलीभीत

नीरज सिंह            मेरठ/ बरेली

वीरेन्द्र कुमार महान  गोण्डा/चित्रकूट

सत्य  प्रकाश शाक्य   महोबा/हाथरस

समाजवादी पार्टी के ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी घोषित


मुजफ्फरनगर । सपा जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन ने जानकारी देते हुए बताया कि समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने ब्लाक बुढाना पर श्रीमती पाल्लो देवी व ब्लाक बघरा पर श्रीमती अनुराधा एवं ब्लॉक जानसठ पर निवर्तमान प्रमुख योगेश कुमार को सपा प्रत्याशी घोषित किया है।

सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने कहा कि अन्य ब्लॉक पर प्रत्याशी के सम्बंध में भी जल्द ही पार्टी के निर्णय की घोषणा पार्टी के सभी नेताओं से विचार के बाद कि जाएगी।

जिले में आठ कोरोना पाजिटिव मिले


मुजफ्फरनगर। जिले में आज आठ कोरोना पाजिटिव मिले हैं । आज दस लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि आज जनपद में आज  13979 लोगों का कोरोना टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि आज टीकाकरण केंद्रों पर 10618 लोगों को टीकाकरण किया गया जिनमें से 8157 लोगों को प्रथम डोज लगाई गई तथा 2461 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। 

जनपद में आज ऑनलाइन स्लॉट लेकर 18 से 44 आयु वर्ग में 3361लोगों ने अपना टीकाकरण कराया।

सडक हादसे में पत्रकार की मौत


मुजफ्फरनगर। भौराकलां में बुढाना के पत्रकार की सड़क हादसे में मौत हो गई। कार चालक फरार हो गया। 

भौराकलां थाना इलाके के गढ़ी नोआबाद में अनियंत्रित कार ने बाइक सवार पत्रकार को टक्कर मार दी। जिसमें पूर्व पत्रकार की दर्दनाक तरीके से मौत हो गई। वहीं घटना को अंजाम देकर कार चालक कार छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थ्ल पर पहुंची और पत्रकार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पत्रकार राकेश कातियान बुढ़ाना कस्बे के निवासी थे। पत्रकारों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Featured Post

मंगलवार विशेष :पंचाग एवँ राशिफल

 🙏🏻 हर हर महादेव🙏🏻  🌞 *~ वैदिक पंचांग ~* 🌞  🌤️ *दिनांक - 04 मार्च 2025* 🌤️ *दिन - मंगलवार* 🌤️ *विक्रम संवत - 2081* 🌤️ *शक संवत -...