मुजफ्फरनगर। मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रस्ताव पर शुकतीर्थ के विकास हेतु मुख्यमंत्री द्वारा ₹10 करोड़ की स्वीकृति की गई है।
उत्तर प्रदेश के पावन धार्मिक स्थल शुकतीर्थ के सर्वांगीण विकास के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देश पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने (1350 लाख रुपये) की स्वीकृति प्रदान की है। जिसमे मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रस्ताव पर 10 करोड़ व क्षेत्रीय विधायक मिथलेश पाल के प्रस्ताव पर 3.50 करोड़ क़ी स्वीकृति पर्यटन विभाग के द्वारा दी गई है। इस बजट से क्षेत्र में पर्यटन अवस्थापना सुविधाओं का व्यापक विकास किया जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि “शुकतीर्थ केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि ऋषि शुकदेव जी की तपोभूमि और भारतीय सांस्कृतिक धरोहर का गौरव है। इसके विकास की माँग वर्षों से की जा रही थी। मैंने इस विषय को गंभीरता से मुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत किया, और उनके मार्गदर्शन व संवेदनशीलता के फलस्वरूप ₹13.50 करोड़ की यह ऐतिहासिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस निधि से तीर्थ क्षेत्र में भागवत कथा केंद्र एवं 5D म्यूजियम की स्थापना व सूक्ति परिषद की कार्यालय का निर्माण कार्य, शुकतीर्थ में प्राचीन सुखदेव मंदिर एवं वट वृक्ष का पर्यटन विकास, शुभ तीर्थ में रविदास मंदिर का पर्यटन विकास एवं सत्संग भवन का निर्माण तथा आधारभूत संरचनाएं, पर्यटन सुविधाएं, श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल, सुंदर घाट, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा एवं सड़क संपर्क आदि को सुदृढ़ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “शुकतीर्थ के विकास की यह स्वीकृति केवल एक बजट घोषणा नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की तत्परता और भारतीय जनता पार्टी की ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति का प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने पुन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योगी ज़ी एक ऐसे मुख्यमंत्री है जिनकी अगुवाई में प्रदेश में न केवल कानून व्यवस्था सशक्त हुई है, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्थलों का भी अभूतपूर्व विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने जिस संवेदनशीलता और तत्परता से शुकतीर्थ के विकास प्रस्ताव पर अमल किया, वह प्रशंसनीय है। उनके सहयोग से ही ₹13.50 करोड़ की यह ऐतिहासिक स्वीकृति संभव हो सकी है — जिसमें ₹10 करोड़ मेरे प्रस्ताव पर तथा ₹3.50 करोड़ क्षेत्रीय विधायक श मिथलेश पाल के प्रस्ताव पर स्वीकृत हुए हैं।
कपिल देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव ‘संस्कृति और सनातन’ को राष्ट्रनीति से जोड़ा है। शुकतीर्थ के विकास के माध्यम से हम अपने वैदिक गौरव, ऋषि परंपरा और आस्था की धारा को नई ऊर्जा देने का कार्य कर रहे हैं।
शुकतीर्थ मुज़फ्फरनगर जनपद में स्थित एक ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल है, जहाँ प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु शुकदेव मुनि की स्मृति में एकत्र होते हैं। इस क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रमुखता दिलाने के लिए यह बजट स्वीकृति एक निर्णायक कदम है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें