नई दिल्ली। दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने शनिवार को दिल्ली के LG (उपराज्यपाल) वीके सक्सेना को एक और चिट्ठी लिखी है। इसमें सुकेश ने कहा है कि उसने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के रिनोवेशन के लिए फर्नीचर भेजा था। उसने दावा किया कि फर्नीचर को खुद दिल्ली के अरविंद केजरीवाल और तब मंत्री रहे सतेंद्र जैन ने चुना था। इसमें राल्फ लॉरेन और विजनायर ब्रांड का फर्नीचर भी शामिल था।
सुकेश ने दावा किया कि उसने फर्नीचर के फोटो वॉट्सएप और फेसटाइम चैट के जरिए दोनों लोगों को सेंड किए थे। इसके बाद उन्होंने फर्नीचर चुना। सुकेश ने यह दावा भी किया है कि उसने केजरीवाल के घर के रिनोवेशन के लिए पैसे भी दिए हैं। उसने कहा कि रिनोवेशन के लिए की गई खरीदारी की जांच की जानी चाहिए।
सुकेश ने लेटर में बताया कि ये फर्नीचर उसने केजरीवाल के लिए खरीदा ।विजनायर 12 सीटर ऑलिव ग्रीन रंग का डाइनिंग टेबल। कीमत 45 लाख रुपए।
विजनायर ड्रेसिंग टेबल। केजरीवाल और उनके बच्चों के रूम के लिए। कीमत 34 लाख रुपए। विजनायर के सात आईने। कीमत 18 लाख। राल्फ लॉरेन के रग्स, बेडस्प्रेड्स और तकिए कुल 30 पीस। कीमत 28 लाख रुपए। पामराई की तीन दीवार घड़ियां। कीमत 45 लाख।
सुकेश का दावा है कि उसने ये फर्नीचर खुद मुंबई और दिल्ली से खरीदे। ये फर्नीचर इटली और फ्रांस से इंपोर्ट हुए थे। सभी पेमेंट मेरी कंपनी न्यू एक्सप्रेस पोस्ट एंड एलएस फिशरीज ने किया है। इन सबका रिकॉर्ड मैं जांच एजेंसी को दे सकता हूं। इसके साथ ही मेरे और केजरीवाल के बीच में जो वॉट्सऐप चैट हुई थी वह भी उपलब्ध करा सकता हूं। ये सारे फर्नीचर सीधे केजरीवाल के दफ्तर भेजे गए थे। ऋषभ शेट्टी ने फर्नीचर केजरीवाल के घर पर लगाया था।
सुकेश ने अपनी चिट्ठी में यह दावा भी किया कि CM केजरीवाल के घर की सजावट के महंगे सामानों के लिए उसने लाखों रुपए का भुगतान किया था। चिट्ठी में कहा गया कि केजरीवाल फर्नीचर के अलावा अपने घर के लिए चांदी की क्रॉकरी चाहते थे। दक्षिण भारत के एक ज्वैलर ने 90 लाख रुपए की चांदी की क्रॉकरी उन्हें दी। इसे करोलबाग में एक प्रोजेक्ट दिलाने के गिफ्ट के तौर पर केजरीवाल को दिया गया था। सुकेश का कहना है कि इस ज्वैलर से केजरीवाल की मुलाकात उसने ही करवाई थी। सुकेश ने चिट्ठी में बताया है कि 15 थाली, चांदी के 20 गिलास, कुछ मूर्तियां, कई कटोरे और चांदी के चम्मच को मुख्यमंत्री केजरीवाल के निवास पर पहुंचाया गया।
7 अक्टूबर 2022 को ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर वीके सक्सेना को चिट्ठी लिखी थी। इसमें आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन को लेकर बड़ा दावा किया था। सुकेश ने कहा कि जेल में सुरक्षा और सहूलियत के नाम पर जैन ने 10 करोड़ रुपए वसूले थे। ये रकम उनके एक करीबी के जरिए ली गई थी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें