लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 17 में से 16 नगर निगम सीटों के शुरुआती रुझान आ गए हैं। 13 सीट पर भाजपा और तीन पर सपा आगे है। बसपा अब पिछड़ गई है। एक पर बसपा ने बढ़त बना रखी है। गाजियाबाद में भाजपा आगे है। मेरठ से सपा आगे है। बरेली मथुरा और आगरा सीट पर भी भाजपा आगे चल रही है।
मेरठ में पोस्टल बेलट की गिनती में सपा प्रत्याशी सीमा प्रधान आगे चल रही हैं। मेरठ में भाजपा दूसरे नंबर पर चल रही है।
बलरामपुर नगर पालिका परिषद में पोस्टल बैलट की मतगणना पूरी हो गई है। कुल 23 वोट पड़े थे, जिसमें भाजपा को 15, बसपा को 4 और समाजवादी पार्टी को 4 मत मिले हैं।
सहारनपुर सीट पर भाजपा ने बढ़त बनाई
सहारनपुर सीट से बड़ी खबर है। यहां भाजपा ने बढ़त बना ली है। इस पर अब तक बसपा आगे चल रही थी। अयोध्या में भी भाजपा ने बढ़त बना ली है। सभी सीटों पर भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर लगी है। अब गाजियाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी आगे हो गए हैं। निकाय चुनाव की मतगणना का कार्य शनिवार की सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित मतगणना स्थलों पर शुरू हो गया। मतगणना शुरू होने से पहले ही प्रत्याशी मंदिरों में मत्था टेक जीत का आशीर्वाद मांग मतगणना एजेंटों के साथ केंद्र पर पहुंच गए। नगर के डीएवी इंटर कालेज और डीएवी पीजी कालेज में दो नगरपालिका और एक नगर पंचायत की मतगणना निर्धारित समय पर शुरू हुई। मतगणना को लेकर एसपी आफिस के सामने से ही चार पहिया वाहनों को वापस कर दिया गया। वहीं गांधी प्रतिमा के बाद दो पहिया वाहनों का प्रवेश भी वर्जित कर दिया गया। पुलिस के जवान मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते नजर आए। इन सबके बीच मतगणना शुरू होने से पहले ही प्रत्याशी मतगणना एजेंटों के साथ पहुंच गए। फैसले की घड़ी नजदीक देख सबकी धड़कनें तेज हो गई थी। किसी को भी मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं थी।
सोनभद्र में दस निकायों के अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए मतों की गिनती शुरू हो गई है। नगर पालिका सोनभद्र औऱ नगर पंचायत चुर्क के वोट राजकीय पॉलीटेक्निक लोढ़ी में गिने जा रहे हैं। दुद्धी, अनपरा, रेणुकूट औऱ पिपरी की गिनती बीआरडी पीजी कॉलेज दुद्धी में शुरू है। ओबरा, डाला, चोपन के मतों की गिनती राजकीय पीजी कॉलेज ओबरा में हो रही है। घोरावल नगर पंचायत के मत घोरावल तहसील में गिने जा रहे हैं। सभी केंद्रों पर मतगणना शुरू हो गई है। घोरावल में पहले वार्ड एक और छह के मतों की गिनती की जा रही है। चुनाव में अध्यक्ष के कुल 10 पदों पर 98 और 144 वार्डों से 914 प्रत्याशी मैदान में हैं।
जौनपुर जिले में कुल 12 निकायों के 12 अध्यक्ष और 208 सभासद पदों के लिए मतगणना शनिवार की सुबह ठीक 8:00 बजे शुरू हो गई। करीब 9:00 बजे तक पहला रुझान भी आने की संभावना है मतगणना को लेकर के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें