सोमवार, 11 मई 2020

मई का महीना-6 ग्रह बदल रहे चाल

 
 ज्योतिष की दृष्टि से मई का महीना बहुत खास रहने वाला है। इस महीने नवग्रहों में से 6 ग्रह अपनी चाल बदल रहे हैं, जिनमें तीन ग्रह शनि, शुक्र व बृहस्पति वक्री हो रहे हैं। इन ग्रहों की चाल आने वाले समय में देश की अर्थव्यवस्था पर सुखद असर डालेगी और अनिष्ट की आशंकाएं कम होती जाने से लोगों की मन:स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।
ज्योतिष शोधकर्ता और "एस्ट्रोलॉजी एक विज्ञान" पुस्तक के लेखक गुरमीत बेदी के मुताबिक जब भी कोई ग्रह अपनी चाल बदलता है तो उससे सभी राशियां प्रभावित होती हैं। मई माह में 6 राशियों की चाल दूरगामी असर लेकर आएगी और इसके सुखद प्रभाव भी होंगे। गुरमीत बेदी के अनुसार नव ग्रहों में सेनापति का दर्जा प्राप्त मंगल ग्रह सोमवार 4 मई को अपनी उच्च राशि मकर से कुंभ राशि में जा रहे हैं, जहां वे 18 जून तक रहेंगे। 9 मई को बुध ग्रह मेष राशि से वृषभ राशि में आ जाएंगे जहां वह 25 मई तक रहने के बाद अपनी राशि मिथुन में गोचर करेंगे। इसी तरह आरोग्य के कारक सूर्य 14 मई को अपनी उच्च राशि मेष से वृषभ में आएंगे और 15 जून तक इस राशि में संचार करेंगे।
20 मई को महामारियों के प्रसार के कारक राहु भी आद्रा नक्षत्र से बाहर आ जाएंगे , जिससे महामारी से संक्रमित होने वाले लोगों के स्वस्थ होने की संख्या लगातार बढ़ती जाएगी और शुभ माने जाने वाले ग्रहों का प्रभाव भी बढ़ेगा। गुरमीत बेदी के अनुसार नवग्रहों में से दो पाप ग्रह माने जाने वाले राहु व केतु इस महीने राशि परिवर्तन नहीं करेंगे जबकि चंद्रमा हर अढाई दिन बाद राशि बदलते हैं इसलिए उनके राशि परिवर्तन के कोई दूरगामी प्रभाव नहीं हैं।
गुरमीत बेदी ने बताया कि मई माह में 3 ग्रहों - मंगल , सूर्य और बुध का राशि परिवर्तन व 3 बड़े ग्रहों शनि, शुक्र और बृहस्पति का वक्री होना जहां विभिन्न राशियों के लिए मिले-जुले परिणाम लेकर आने वाला है, वहीं देश की अर्थव्यवस्था को भी टॉनिक मिलेगा और मंदी की गिरफ्त से देश बाहर आने लगेगा। गुरमीत बेदी के अनुसार न्याय के देवता शनि 11 मई को वक्री हो रहे हैं और 145 दिन तक वक्री चाल चलते हुए 29 सितंबर को फिर से मार्गी होंगे। शुक्र ग्रह 13 मई को वक्री होंगे और 25 जून को मार्गी होंगे। देव गुरु बृहस्पति 14 मई को वक्री चाल चलते हुए 13 सितंबर को मार्गी होंगे। 
  6 ग्रहों की बदलती चाल के ज्योतिषीय विश्लेषण से यह निष्कर्ष निकलता है कि अनिष्ट में कमी आती जाएगी और देश में अर्थव्यवस्था फिर से पटरी पर आने लगेगी। आईटी क्षेत्र व उद्योग जगत को भी राहत मिलेगी। देश हित में कुछ कड़े फैसले भी होंगे जिन्हें जनता का समर्थन भी मिलेगा। देश विरोधी ताकतों पर  नकेल कसी जाएगी। विश्व में भारत की साख और नेतृत्व की धाक बढ़ेगी। धर्म-कर्म और अध्यात्म के क्षेत्र में लोगों की रुचि बढ़ेगी। गुरमीत बेदी के अनुसार वृषभ, मिथुन, तुला, वृश्चिक और मकर राशि वालों के लिए ग्रहों की चाल सुखद रहेगी। मेष, कन्या और मीन राशि वालों के लिए समय सामान्य रहेगा जबकि कर्क, सिंह और कुंभ राशि वालों को अपने स्वास्थ्य के अलावा पारिवारिक व कामकाज के मोर्चे पर सतर्क रहना होगा। धनु राशि वाले वाहन चलाते समय चौकस रहें। 


कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

मंगलवार विशेष :पंचाग एवँ राशिफल

 🙏🏻 हर हर महादेव🙏🏻  🌞 *~ वैदिक पंचांग ~* 🌞  🌤️ *दिनांक - 04 मार्च 2025* 🌤️ *दिन - मंगलवार* 🌤️ *विक्रम संवत - 2081* 🌤️ *शक संवत -...