गुरुग्राम। रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही चंडीगढ़ तक वंदे भारत ट्रेन चलेगी। इसके लिए रेल मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है। टाइमिंग भी तय हो चुकी है। किस दिन से चलेगी, यह तय नहीं हुआ है।
अधिसूचना जारी होने की सूचना से लोग काफी खुश हैं। रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. डीपी गोयल ने बताया कि गुरुग्राम से चंडीगढ़ जाने के लिए गुरुग्राम के यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वंदे भारत ट्रेन के चंडीगढ़ तक चलने से हजारों यात्रियों को लाभ होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, गुरुग्राम से सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य व पूर्व सांसद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेल सेवा के माध्यम से आर्थिक राजधानी गुरुग्राम से प्रशासनिक राजधानी चंडीगढ़ का सीधा जुड़ाव होना जरूरी था। मंत्रालय ने इस ट्रेन के संचालन का शेड्यूल जारी कर दिया है। वंदे भारत ट्रेन नंबर-20977 सुबह 06:20 बजे अजमेर से रवाना होगी। यह जयपुर, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट होते हुए 14:45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ से वापसी में यह ट्रेन दोपहर बाद 15:25 बजे रवाना होकर शाम 18:33 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। दिल्ली कैंट से 18:40 बजे रवाना होकर रात 23:55 बजे अजमेर पहुंचेगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें