मुजफ्फरनगर। नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम की ओर से कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए लगाए गए होर्डिंग विवाद के बाद उतरवा दिए गए। चेयरमैन ने कहा कि उन्होंने भाजपा का सहयोग करने की बात कही है, शामिल होने पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ। भाजपा नेताओं से भी उनकी अभी कोई बात नहीं हुई है।
शाहपुर में चेयरमैन हाजी अकरम ने कांवडि़यों के स्वागत के लिए मुख्य मार्ग पर होर्डिंग लगाए थे। इन होर्डिंग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल व जिलाध्यक्ष के फोटो भी लगाए गए थे।
इस मामले में भाजपा के शाहपुर मंडल अध्यक्ष एकांश त्यागी ने थाने में तहरीर दी थी। विरोध के चलते मंगलवार रात चेयरमैन ने होर्डिंग उतरवा लिए। उनका कहना है कि कांवड़ियों के स्वागत के लिए यह होर्डिंग लगाए गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है, वह अभी भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं।
इस बीचआम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान ने बताया कि जनता ने आप को समर्थन दिया है। शाहपुर चेयरमैन के पूरे प्रकरण की रिपोर्ट यूपी प्रभारी संजय सिंह को भेज दी गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें