मुजफ्फरनगर। मीनाक्षी स्वरूप के नए नगर पालिका के चेयरमैन पद पर आरुढ होने को लेकर तमाम लोगों में उत्साह है। उनके द्वारा किए गए वादों को देखें तो इससे लगता है कि आने वाले दिनों में शहर का नक्शा ही बदल जाएगा। शहर को इंदौर बनाने का वादा करने वाली मीनाक्षी स्वरूप से कई तरह की उम्मीदें लोग लगा रहे हैं। उनके लिए बड़ी बात यह है कि नगरपालिका में इस समय काफी बड़ा खजाना उनको मिल रहा है, जिससे विकास कार्यों को गति मिलने की संभावना है। 10 साल बाद मुजफ्फरनगर में भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाने वाली मीनाक्षी स्वरूप ने शहर के विकास के लिए जो वादे किए थे उसमें शहर की सड़कों, यहां की सफाई व्यवस्था तथा नालियों आदि की मरम्मत और निर्माण कार्य के साथ-साथ शहर से जुड़े 11 गांव में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने की बात कही गई थी। अब लोग इस बात की प्रतीक्षा कर रहे हैं कि नई सरकार अपना पदभार संभाले और शहर में विकास कार्यों को गति मिले। उम्मीद है कि जैसे ही मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में 55 सभासदों वाली पालिका सरकार नगरपालिका का कार्यभार संभाल लेगी। इसके बाद से शहर में विकास का नया वातावरण देखने को मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने इस बात को सबसे अधिक जोर दिया था कि नगरपालिका में भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था देने की बात करेंगे। भारत स्टील रोलिंग मिल के शरद गोयल बंटी का कहना है कि मीनाक्षी स्वरूप और गौरव स्वरूप से शहर को बहुत उम्मीद हैं और लगता है कि जल्द ही शहर एक नया स्वरूप लेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें