जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहारनपुर विकास के पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज कायम है। प्रदेश की कानून व्यवस्था आज पूरे देश में नजीर बन चुकी है। माफिया और अपराधी अब अतीत हो गए, आज यूपी में भयमुक्त माहौल है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार डबल इंजन से विकास कार्य करा रही है, लेकिन अब शहरों और कस्बों के विकास के लिए तीसरे इंजन की भी जरूरत है। इसलिए विकास की गति ट्रिपल इंजन से हो इसके लिए निकाय चुनाव में भाजपा के सभी प्रत्याशियों को विजय बनाकर विकास की गति को बढ़ाना होगा।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले की सरकारों को सहारनपुर में दंगा कराने से ही फुर्सत नहीं थी। पहले नौजवानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जाते थे। बेटियों को लेकर माता-पिता चिंतित रहते थे, लेकिन आज भाजपा सरकार ने भय मुक्त वातावरण दिया है।
कहा कि 6 वर्ष में 54 लाख से अधिक गरीबों को आवास दिलाया। 2 करोड़ 61 लाख गरीबों को 1-1 शौचालय, 1 करोड़ 75 लाख गरीबों को फ्री रसोई गैस कनेक्शन, 1 करोड़ 55 लाख गरीबों को फ्री बिजली कनेक्शन देने का कार्य डबल इंजन की सरकार ने किया। प्रदेश के 10 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना, आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 5 लाख रुपए का सालाना बीमा कवर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें दे रहीं हैं।
सहारनपुर के महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान पर जनसभा को संबोधित किया और फिर शामली में भाजपा की सभा को संबोधित किया। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। संगठन ने भी कार्यक्रम को लेकर ताकत झोंक रखी है। जनसभा स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई थी।
नगर निकाय चुनावों में भाजपा के पक्ष में अपील करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर रैली को संबोधित करने पहुंचे। वह दोपहर 12 बजकर एक मिनट पर राजकीय वायुयान से सरसावा के ग्राम सोराना में वायुसेना की हवाई पट्टी पर उतरे। 12 बजकर 11 मिनट पर हेलीकॉप्टर में सवार होकर सहारनपुर के लिए उड़ चले। मंडल आयुक्त सहारनपुर डॉ. लोकेश एम, डीआईजी अजय साहनी तथा एसपी देहात सागर जैन ने मुख्यमंत्री का अभिवादन करते हुए स्वागत किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें