टीआर ब्यूरो
नई दिल्ली। कार्टून देखने के शौकीन लोगों के लिए एक बुरी खबर है। मशहूर कार्टून टॉम एंड जेरी के निर्देशक जीन डाइच का गुरुवार रात निधन हो गया, वे 95 साल के थे। उनका शव प्राग स्थित उनके घर से मिला। इस बात की पुष्टि उनके दोस्त पीटर हिमल ने शनिवार को की। डाइच ने 1961 में अपनी फिल्म मुनरो के लिए ऑस्कर जीता था। जीन डाइच के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटे हैं।
जीन डाइच चेक रिपब्लिक के प्राग में रहते थे। उनके करीबी दोस्त पीटर हिमल के मुताबिक शुक्रवार को उनका शव उनके घर में मिला। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि गुरुवार देर रात उनकी मौत हुई होगी। टॉम एंड जेरी के अलावा उन्होंने पोपी द सेलर जैसे शानदार कार्टून फिल्म्स का भी निर्देशन किया था। करियर की शुरुआत में जीन अमेरिका में पायलट प्रशिक्षण और सेना के लिए ड्राफ्टमैन का काम करते थे। इसी बीच 1944 में स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों की वजह से उन्हें हटा दिया गया। जिसके बाद उन्होंने कार्टून बनाने का काम शुरू किया। जिसमें से टॉम एंड जेरी प्रोग्राम सबसे हिट हुआ। वहीं 1961 में फिल्म मुनरो के लिए उन्हें ऑस्कर मिला। इसके अलावा उनकी चार और फिल्में ऑस्कर के लिए नामिनेट हुई थीं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें